डेक्कन की टीम ने मोहनीश मिश्रा (1) का विकेट तीन रन के कुल योग पर गंवा दिया था। इसके बाद कप्तान एडम गिलक्रिस्ट और हर्शेल गिब्स ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से कुल योग को 44 रनों तक पहुंचा दिया लेकिन इसी योग पर गिलक्रिस्ट को पेवेलियन लौटना पड़ा।
गिलक्रिस्ट ने 14 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाए। डेक्कन की टीम ने पांच ओवर की समाप्ति तक दो विकेट खोकर 44 रन बना लिए हैं। गिब्स ने 12 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 17 रन बनाए हैं जबकि एंड्रयू सायमंड्स ने खाता नहीं खोला है।
आईपीएल के तीसरे संस्करण में डेयर डेविल्स का यह पांचवां और डेक्कन चार्जर्स का चौथा मैच है। डेयर डेविल्स को दो मैचों में हार और दो में जीत मिली है जबकि डेक्कन ने अपने दो मैच जीते हैं। एक में उसे भी हार मिली है।
उद्घाटन मुकाबले में कोलकाता नाइट राइर्ड्स के हाथों 11 रन से हारने के बाद डेक्कन की टीम ने चेन्नई सुपर किंग्स और किंग्स इलेवन पंजाब को हराया है। डेक्कन की टीम आईपीएल की मौजूदा चैम्पियन है।
दूसरी ओर, डेयर डेविल्स की टीम राजस्थान रॉयल्स और किंग्स इलेवन के खिलाफ लगातार दो जीत हासिल करने के बाद मुंबई इंडियंस और सुपर किंग्स के हाथों हार चुकी है। डेयर डेविल्स को दोनों हार अपने घरेलू मैदान पर मिली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।