सिडनी| 26 मार्च को भारत और आस्ट्रेलिया के बीच विश्वकप का दूसरा सेमीफाइनल खेला जायेगा। दोनों ही देशों के लिए यह मैच काफी अहम है क्योंकि इनमें से जो हारेगा वो विश्वकप से बाहर हो जायेगा। धोनी के शेर यह गलती नहीं करना चाह रहे हैं इसलिए इन दिनों आप उन्हें नेट अभ्यास करते हुए देख सकते हैं। धोनी की पूरी टीम इन दिनों जमकर पसीना बहा रही है।
इस बारे में बीसीसीआई ने ही मीडिया को अवगत कराया है। बीसीसआई के ट्विटर पेज पर लिखा है कि टीम इंडिया ने हल्का अभ्यास किया और मांसपेशियों को स्फूर्त रखने के लिए हल्का व्यायाम भी किया। भारतीय टीम ने पहले कुछ देर फुटबाल खेला और उसके बाद नेट पर अभ्यास के लिए गए।
अभ्यास सत्र में ऊर्जा से लबरेज नजर आई टीम इंडिया
रोहित, धवन, कोहली, रैना, रहाणे सभी पूरे जोश में प्रैक्टिस करते नजर आये तो वहीं धोनी और डंकन फ्लेचर टीम को उनकी अच्छाइयों और बुराइयों से अवगत कराते दिखे। रैना को धोनी ने टेनिस की बॉल से अभ्यास कराया । भारतीय गेंदबाजों ने भी अच्छा अभ्यास किया और तेज गति से गेंदें फेंकी। उमेश यादव और मोहित शर्मा ने बल्लेबाजों को ठुड्डी तक ऊंची उठने वाली बाउंसर गेंदें भी फेंकी।
कुल मिलाकर टीम इंडिया पूरे जोश में नजर आ रही है और जाहिर है कि इस समय वो एक भी गलती नहीं करना चाहेगी देखते हैं उसकी यह मेहनत 26 मार्च को क्या रंग लाती है।