टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही.
वीरेंद्र सहवाग और सचिन तेंदुलकर भारतीय पारी को अभी 13 रन तक ही ले जा सके थे कि सचिन आउट हो गए.
तीसरे ही ओवर में मेहमान टीम को सचिन के रूप में पहला बड़ा झटका लगा. सचिन सिर्फ़ छह रन ही बना सके. उन्हें तेज़ गेंदबाज़ कुलशेखरा ने एलबीडब्ल्यू आउट किया.
सचिन के आउट होने के बाद बाएँ हाथ के बल्लेबाज़ गौतम गंभीर मैदान पर आए हैं.
भारत ने दांबुला में पहला वनडे मुक़ाबला छह विकेट से जीता था और पाँच मैंचों की सिरीज़ में 1-0 की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली है.
भारत ने अपनी टीम में दो बदलाव किए हैं. वीरेंद्र सहवाग को रोहित शर्मा की जगह टीम में शामिल किया गया है, जबकि गेंदबाज़ी विभाग में प्रवीण कुमार ने मुनाफ़ पटेल की जगह ली है.
उधर, मेज़बान श्रीलंका ने एकादश में कोई बदलाव नहीं किया है. इस मैच में सभी निगाहें मुथैया मुरलीधरन पर टिकी रहेंगी.
दाएँ हाथ के ऑफ़ स्पिनर मुरलीधरन अगर दो विकेट और हासिल कर लेते हैं तो वे वनडे क्रिकेट में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज़ बन जाएँगे.
भारतीय टीम
महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), गौतम गंभीर, सचिन तेंदुलकर, सुरेश रैना, वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह, ज़हीर ख़ान, प्रज्ञान ओझा, प्रवीण कुमार, यूसुफ़ पठान और ईशांत शर्मा.
श्रीलंका टीम
महेला जयवर्धने (कप्तान), कुमार संगकारा, सनत जयसूर्या, चामरा कापूगेदरा, तिलकरत्ने दिलशान, थिलिना कदांबी, मुथैया मुरलीधरन, अजंता मेंडिस, फरवेज़ महारूफ़, नुवान कुलशेखरा, थिलन तुषारा.