विश्वकप 2019 : इन पांच में से कोई खिलाड़ी तोड़ सकता है फास्टेस्ट सेंचुरी का रिकॉर्ड
नई दिल्ली। विश्वकप क्रिकेट के पहले ही रनों की बरसात शुरू हो गयी है। दो दिन पहले की इंगलैंड और पाकिस्तान के बीच वनडे मैचों की सीरीज खत्म हुई है। पांच मैचों की सीरीज का पहला मैच रद्द हो गया। बाकी के चार मैचों में इंग्लैंड ने 373, 359, 341 और 351 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इंग्लैंड चारों मैच जीत गया। लेकिन पाकिस्तान हार कर भी बल्लेबाजी में छाप छोड़ गया। पाकिस्तान ने भी चार मैचों में 361, 358, 340 और 297 का स्कोर खड़ा किया। वनडे में इतनी हाई स्कोरिंग सीरीज पहले कभी नहीं खेली गयी। बल्लेबाजों की चांदी है और वे ताबड़तोड़ रन बना रहे हैं। गेंदबाजों पर बल्लेबाज ऐसे टूट रहे हैं जैसे भूखा शेर शिकार पर झपटता है। आतिशी बल्लेबाजी के इस दौर में क्या विश्वकप में सबसे तेज शतक का वर्ल्ड रिकॉर्ड टूट सकता है ? यह रिकॉर्ड अभी एबी डिविलियर्स के नाम दर्ज है। उन्होंने 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 31 गेदों पर शतक ठोका था। मौजूदा समय में कई ऐसे बल्लेबाज हैं जो डिविलियर्स का यह रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।

जोस बटलर
इंग्लैंड के विकेटकीपर बैट्समैन जोस बटलर विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए विख्यात हैं। बारह दिन पहले ही वे पाकिस्तान के खिलाफ 50 गेंदों पर शतक लगा चुके हैं। 2015 में पाकिस्तान के खिलाफ दुबई में बटलर 46 गेंदों पर शतक ठोक चुके हैं। बटलर ने इसी साल मार्च में वेस्टइंडीज के खिलाफ 60 गेदों में शतक लगाया था। बारहवां विश्वकप इंग्लैंड में ही हो रहा है। उनको घरेलू पिचों पर खेलने का लाभ मिलेगा।

आंद्रे रसेल-
वेस्टइंडीज के आंद्रे रसेल हैं तो ऑलराउंडर लेकिन पिछले एक साल से उन्होंने अपनी कातिलाना बल्लेबाजी से धूम मचा रखी है। वे अपने करारे चौकों-छक्कों से बेमौसम दिवाली का समां बांध देते हैं। 2018 में उन्होंने कैरिबियन प्रीमियर लीग में जमैका टॉलवास की तरफ से खेलते हुए केवल 40 गेंदों पर शतक ठोका था। हाल ही ही सम्पन्न हुई आइपीएल प्रतियोगिता में रसेल की पावर हिटिंग परफॉरमेंस ने सबको मुरीद बना लिया था। उन्होंने आरसीबी के खिलाफ 21 गेदों पर अर्द्ध शतक ठोका था। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 28 गेंदों पर 62 रन बनाये थे। रसेल ने प्रतियोगिता में सबसे अधिक 52 छक्के लगाये थे। रसेल अभी फॉर्म में हैं। उनमें भी डिविलियर्स के रिकॉर्ड को तोड़ने की क्षमता है।

हार्दिक पांड्या-
भारत के हार्दिक पांड्या भी ऑलराउंडर हैं लेकिन वे अभी अपनी तूफानी बल्लेबाजी से छाये हुए हैं। आइपीएल-12 में उनका विध्वंसक अवतार देख कर दर्शक गदगद हो गये। उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 34 गेदों पर 91 रनों की लाजवाब पारी खेली थी। इस पारी के दौरान हार्दिक ने केवल 17 गेदों पर अर्द्ध शतक लगाया था। वे धोनी की तरह ही शानदार हेलीकॉप्टर शॉट मार रहे हैं। इम्प्रोवाइज शॉट खेलने में अभी उनका कोई जवाब नहीं। 2017 में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में हार्दिक ने पाकिस्तान के खिलाफ 43 गेंदों में 76 रनों की तेज पारी खेली थी।

क्रिस गेल-
तूफानी बल्लेबाजी का दूसरा नाम ही क्रिस गेल है। क्रिकेट के किसी भी फॉरमेट में सबसे कम गेंदों पर शतक लगाने का रिकॉर्ड गेल के नाम पर ही दर्ज है। उन्होंने 2013 में आइपीएल में केवल 30 गेंदों पर शतक ठोका था। उनका मौजूदा फॉर्म भी लाजवाब है। मार्च 2019 में इंग्लैंड की टीम वेस्टइंडीज गयी थी। इस सीरीज में 39 साल के गेल ने धुआंधार बैटिंग की। उन्होंने दो शतकों के साथ कुल 424 रन बनाये जिसमें 39 छक्के शामिल थे। चौथे वनडे में गेल ने केवल 55 गेदों पर शतक लगाया था। जिस तरह उन्होंने अपने आखिरी वनडे सीरीज में विस्फोटक खेल दिखाया उसी तरह वे अपने आखिरी वर्ल्ड कप में भी खेल सकते हैं। आइपीएल-12 में भी गेल ने 36 छक्के लगाये थे जो रसेल के बाद दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था।

रोहित शर्मा-
रोहित शर्मा दुनिया के अकेले ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने वनडे मैचों में तीन दोहरे शतक लगाये हैं। वे भी तेज पारी खेलने के लिए जाने जाते हैं। 2017 में उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच में केवल 35 गेंदों पर शतक ठोक कर तहलका मचा दिया था। उन्होंने टी-20 में सबसे तेज लगाने के विश्वरिकॉर्ड की बराबरी की थी। दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर ने भी उसी साल बांग्लादेश के विरूद्ध 35 गेंदों पर शतक लगा कर टी-20 में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया था। 2017 में रोहित शर्मा ने कुल 31 मैचों में 64 छक्के मारे थे। अगर रोहित लय में आ गये तो वे डिविलियर्स का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
