INDvsAUS, 5th ODI, Preview: सीरीज के निर्णायक मैच में भारत की प्रतिष्ठा दांव पर

नई दिल्ली। पिछले कुछ समय से लगातार दमदार खेल दिखाकर टीम इंडिया ने अपनी ख्याति लगभग एक अपराजेय टीम की बना ली थी। विश्व कप से पहले ही भारत को इंग्लैंड के अलावा इस ट्रॉफी को उठाने का प्रबल दावेदार माना जा रहा था लेकिन पिछले दो वनडे मैचों ने काफी कुछ बदलकर रख दिया है। भारत को ऑस्ट्रेलिया ने ना केवल उसके घर में लगातार दो मैचों में मात दी है बल्कि जिस तरह से भारत पिछला मैच विशाल स्कोर खड़ा करने के बाद हारा है उसको देखते हुए टीम के मनोबल पर प्रभाव पड़ सकता है।
यह ऑस्ट्रेलिया के लिए बिल्कुल उलट स्थिति है। जिस कंगारू टीम को बेहद कमजोर माना जा रहा था वो विश्व कप से ठीक पहले खतरनाक फार्म में आती हुई दिखाई देने लगी है।
अब सीरीज का अंतिम और निर्णायक मैच 13 मार्च को फिरोजशाह कोटला के मैदान पर होना है। इस धीमी पर कंगारू टीम नाथन लियोन को एक बार फिर से टीम में शामिल कर सकती है। हालांकि यह देखने वाली बात होगी कि मार्कस स्टोइनिस के चोट से उभरने की स्थिति में ऑस्ट्रेलियाई टीम प्रबंधन किस खिलाड़ी को बाहर करता है क्योंकि स्टोइनिस की जगह पिछले मैच में खेले एश्टन टर्नर मैच के हीरो रहे थे।
जहां तक भारत की बात है तो धोनी को इस मैच में भी आराम दिया गया है और भारत शायद जसप्रीत बुमराह को भी आराम देने की सोच सकता है। पिछले मैच में केएल राहुल कुछ खास नहीं कर पाए थे, ऐसे में उनको एक मौका और दिया जा सकता है।
अगर आंकड़ों की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने भारत में पिछली द्विपक्षीय सीरीज 2009 में जीती थी। हालांकि कंगारू टीम आज भारत में सीरीज के शुरुआती दो मैच हारने के बाद सीरीज नहीं जीत पाई है। ऐसे में एरोन फिंच की टीम के पास यह इतिहास रचने का बेहतरीन मौका होगा। कोटला के मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 233 और दूसरी पारी का 211 है। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजकर 30 मिनट पर शुरु होगा।
दोनों संभावित टीमें इस प्रकार हैं-
भारत- शिखर धवन, रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल, ऋषभ पंत, केदार जाधव, विजय शंकर, भुवनेश्वर कुमार, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह
ऑस्ट्रेलिया- उस्मान ख्वाजा, एरोन फिंच, शॉन मार्श, पीटर हैंड्सकांब, ग्लेन मैक्सवेल, एश्टन टर्नर, एलेक्स कैरी, पैट कमिंस, नाथन लियोन, जे रिचर्डसन, एडम जांपा
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
