नई दिल्ली। भारत के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले एकमात्र टी20 के लिए ऑस्ट्रेलिया ने 13 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। आरोन फिंच की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया भारत और दक्षिण अफ्रीका के सामने मैदान में उतरेगी। टेस्ट टीम के प्रमुख खिलाड़ियों को इस मुकाबले के लिए टीम में जगह नहीं मिली है। जबकि मार्कस स्टोइनिस एवं जेसन बेहरनडॉर्फ को टीम में शामिल किया गया है।
टेस्ट मैच की तैयारियों के मद्देनजर मिचेल मार्श, मिचेल स्टार्क, नाथन लायन और पीटर सिडल को टी 20 से दूर रखा गया है। मिचेल मार्श और नाथन लायन को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज में भी शामिल नहीं किया गया था और दोनों फिलहाल घरेलू शेफील्ड शील्ड में भाग ले रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच और राष्ट्रीय चयनकर्ता जस्टिन लैंगर के मुताबिक यूएई में नहीं खेलने वाले मार्कस स्टोइनिस चोट के बाद टी20 टीम में वापसी कर रहे हैं। उनके होने से बल्लेबाजी में मजबूती आएगी। साथ ही गेंदबाजी में भी ऑस्ट्रेलिया का एक विकल्प बढ़ जाएगा।
जेसन बेहरनडॉर्फ भी लगभग एक साल बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम में वापसी कर रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले साल गुवाहाटी में भारत के खिलाफ बेहरनडॉर्फ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए थे और उसके बाद आईपीएल में उन्हें मुंबई इंडियंस की टीम में शामिल किया गया था।
बता दें कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया का एकमात्र टी20 17 नवंबर को करारा ओवल, क़्वींसलैंड में खेला जाएगा। जबकि भारत के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मैच 21 नवंबर को ब्रिस्बेन, दूसरा मैच 23 नवंबर को मेलबर्न और तीसरा मैच 25 नवंबर को सिडनी में खेला जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया की 13 सदस्यीय टीम:
आरोन फिंच (कप्तान), एलेक्स कैरी, एश्टन एगर, जेसन बेहरनडॉर्फ़,मार्कस स्टोइनिस, क्रिस लिन, डार्सी शॉर्ट, ग्लेन मैक्सवेल, बेन मैकडरमॉट, नाथन कुल्टर-नाइल, बिली स्टैनलेक, एंड्रू टाई एवं एडम ज़म्पा।