फार्म में 'लौट चुके' फिंच को भुवी ने फिर दिखाया आईना, देखें 2019 के आंकड़े
नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथे वनडे मैच में रनों की बारिश देखने को मिली। बल्लेबाजी के लिए मुफीद इस पाटा विकेट पर विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए परिस्थितियों को जमकर भुनाया और टीम इंडिया ने निर्धारित 50 ओवरों में आतिशी बल्लेबाजी का परिचय देते हुए 358 रन कूट डाले। इस विशाल स्कोर में भारत की ओपनिंग जोड़ी रोहित शर्मा और शिखर धवन का खास योगदान रहा। रोहित ने जहां शतक से चूकते हुए 95 रनों की पारी खेली तो धवन ने करियर की सबसे बड़ी वनडे पारी खेलते हुए 143 रनों का धमाका किया।
इस पिच पर गेंद के लिए कोई खास मदद ना मिलने के बावजूद भारतीय तेज गेंदबाजों ने कंगारूओं की पारी शुरू होने पर काफी अच्छी गेंदबाजी की। खासकर भुवनेश्वर कुमार ने कंगारू कप्तान एरोन फिंच को जिस तरह से शून्य रनों के स्कोर पर क्लीन बोल्ड किया वह काबिलेतारीफ था। भुवी ने गेंद को हवा में स्विंग कराते हुए इस ओपनिंग बल्लेबाज को अंदर आती गेंद पर बुरी तरह छकाया। इसी के साथ इस भ्रम का भी अंत हो गया कि फिंच अपनी विस्फोटक फार्म में लौट आए हैं। आपको बता दें कि फिंच पिछले काफी समय से रनों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने सीरीज के पिछले मैच में 90 से ज्यादा का स्कोर पर फार्म वापसी के संकेत दिए थे लेकिन अब लगता है वह केवल उनका एक अच्छा दिन भर था।
क्योंकि फिंच अब भी अच्छी गेंदों पर वैसे ही संघर्ष करते हुए नजर आ रहे हैं जैसे कोई खराब फार्म से गुजर रहा बल्लेबाज करता है। इसी के साथ भुवनेश्वर कुमार ने फिंच के खिलाफ कुछ शानदार आंकड़े बना लिए हैं। 2018 तक फिंच के खिलाफ भुवनेश्वर ने 175 गेंदें फेंकी थी जिसमे फिंच 133 रन बनाने में कामयाब हुए थे और एक बार भी भुवी को फिंच को आउट करने में सफलता नहीं मिली। लेकिन कहानी 2019 में पूरी तरह से बदल जाती है और भुवी फिंच को अब तक 37 गेंदें फेंक चुके हैं जिसमें फिंच ने केवल 16 ही रन बनाए हैं और तीन बार वे आउट हो चुके हैं। ये आंकड़े देखकर साफ लगता है कि अभी फिंच के आगे भुवी नाम की ऐसी प्रेतबाधा है जिसको पार करना फिलहाल उनके बूते की बात नहीं लग रही।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
