नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया ने भारत को दो मैचों की टी-20 सीरीज में क्लीन स्वीप कर दिया है। सीरीज के दूसरे मैच में विराट कोहली ने 72 रनों की शानदार पारी खेली थी लेकिन मैक्सवेल का शतक भारत पर कहीं अधिक भारी साबित हुआ। बेहतरीन फॉर्म में चल रही भारतीय टीम के लिए ये हार तब और भी ज्यादा अप्रत्याशित है जब वे हाल ही में विदेशी धरती पर बेहतरीन प्रदर्शन करके आए हैं।
ऐसे में हार के बाद कप्तान विराट कोहली ने कहा है कि इस सीरीज के बाद आप यह नहीं कह सकते लेकिन कि हम खराब खेले क्योंकि किसी भी तरह के अच्छे बुरे प्रदर्शन का आकलन करने के लिए यह काफी छोटी सीरीज है। कोहली ने कहा, 'ऑस्ट्रेलिया ने हमें खेल के हर पहलू में मात दी। 190 रनों का स्कोर चुनौतीपूर्ण था लेकिन जब मैदान पर काफी ओस गिर रही हो और मैक्सवेल इस तरह से बल्लेबाजी कर रहे हों तो आप कुछ नहीं कर सकते हैं।' मैक्सवेल ने 55 गेंदों पर 113 रनों की पारी खेली थी।
कोहली ने कहा हर टीम जीतना चाहती है और हम इस मैच में भी अपनी सीमाओं से बाहर जाना चाहते थे लेकिन इतनी ओस में आप ज्यादा कुछ नहीं कर सकते हैं। कोहली ने कहा, 'हम सभी को थोड़ा मौका देना चाहते थे ताकि ये देखा जा सके कि दबाव के हालात में वे कैसा प्रदर्शन करते हैं।' मैच में 72 रनों की पारी खेलने वाले कोहली ने कहा कि उन्होंने इस मैच में खुद की बल्लेबाजी का लुत्फ उठाया। हालांकि कोहली ने यह भी माना कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता क्योंकि हम मैच हार गए। बता दें अब भारत को ऑस्ट्रेलिया के साथ पांच मैचों की वनडे सीरीज में शिरकत करनी है। जिसका पहला मैच हैदराबाद में 2 मार्च को शुरू होगा।