नई दिल्ली: धीरे-धीरे आती सर्दियों के बीच टीम इंडिया और बांग्लादेशी क्रिकेट टीम ने दिल्ली की आबोहवा की चुनौती स्वीकार कर ली है। दोनों ही टीमें अरुण जेटली स्टेडियम में 3 नवंबर को होने वाले पहले टी-20 मैच के लिए तैयारियों में जुट गई हैं। बांग्लादेश के खिलाड़ियों के बाद टीम इंडिया ने भी शुक्रवार को इस मैच के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इस मैच के साथ ही बांग्लादेश की टीम का भारत दौरा शुरू हो रहा है। इस दौरे पर टीम को रविवार से भारत के खिलाफ तीन T20I सीरीज की शुरुआत करनी है। टी20 सीरीज के बाद दो टेस्ट मैच भी खेले जाने हैं। दिल्ली में फिलहाल वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 के स्तर से ऊपर है। दिल्ली को नियमित रूप से दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर करार दिया गया है। ऐसे में दोनों ही टीमों के लिए यह एक चुनौती होगी।
इसी बीच बीसीसीआई ने टीम इंडिया की तैयारियों की एक तस्वीर शेयर की है जिसमें मौसम की धुंध के बीच टीम इंडिया के खिलाड़ी तैयारी करने के लिए पूरी तरह रेडी लग रहे हैं। बीसीसीआई ने ये तस्वीर ट्वीट करते हुए लिखा है- तैयारी का समय। टीम इंडिया राजधानी में टी-20 सीरीज के पहले मैच की तैयारियां शुरू कर चुकी है।
Prep Time! #TeamIndia begin preparations for the T20I series at the Capital #INDvBAN pic.twitter.com/iVcx36ey0q
— BCCI (@BCCI) November 1, 2019
इससे पहले बांग्लादेश क्रिकेट टीम के सदस्य और बल्लेबाज लिटन दास को प्रैक्टिस के दौरान मास्क पहने हुए देखा गया। अन्य खिलाड़ियों ने धुंध के बीच ही ट्रेनिंग की है।
2017 में, श्रीलंका ने दिसंबर में दिल्ली में एक टेस्ट मैच खेला, जिसमें सभी खिलाड़ियों ने सांस लेने के लिए संघर्ष किया। श्रीलंका के नौ खिलाड़ियों ने टेस्ट के दौरान मास्क पहने थे जिसने सर्दियों के महीनों के दौरान प्रतिस्पर्धी मैचों को आयोजित करने की दिल्ली की क्षमता पर सवालिया निशान लगा दिया था। ऐसे में बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने भविष्य में और व्यवहारिक प्रोग्राम करने पर जोर दिया है।
टी-20 टीम : रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, लोकेश राहुल, संजू सैमसन, मनीष पांडे, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, क्रुणाल पांड्या, युजवेंद्र चहल, राहुल चाहर, दीपक चाहर, खलील अहमद, शिवम दुबे, शार्दुल ठाकुर।