नई दिल्ली: टीम इंडिया ने कैरेबियाई दौरे की शुरुआत अच्छी की है। यह शुरुआत अच्छी इसलिए कही जाएगी क्योंकि टीम को जीत नसीब हुई है और तेज गेंदबाजी सनसनी नवदीप सैनी का ड्रीम डेब्यू हुआ है। इन दो बातों के अलावा एक और शानदार रिकॉर्ड ने भारत को इस जीत पर गर्व करने का मौका दिया है। इस रिकॉर्ड को टीम इंडिया ने इससे पहले टी20 क्रिकेट में कभी भी हासिल नहीं किया था।
जब इस मैच में विंडीज की टीम ने पहले बल्लेबाजी की तब भारत को पहली सफलता मैच की दूसरी गेंद पर ही मिल गई थी। वाशिंगटन सुंदर ने कैरेबियाई ओपनर जॉन कैंपबेल को जीरो पर चलता करके शानदार शुरुआत दिलाई। उसके बाद भारत को अगली सफलता दूसरे ही ओवर में तब मिली जब भुवनेश्वर कुमार ने इविन लुईस को भी शून्य पर ढेर कर दिया। इसके साथ ही बड़ा रिकॉर्ड बन गया।
भारत ने पहली बार टी20 क्रिकेट में विपक्षी टीम के दोनों ओपनिंग बल्लेबाजों को शून्य पर चलता किया है। इससे पहले ऐसा कभी नहीं हुआ। बता दें कि भारत ने तीन टी20 मैचों की सीरीज के पहले मैच में विंडीज को 4 विकेट से हराकर जीत दर्ज कर ली है। विंडीज के धुरंधर युवा भारतीय गेंदबाजों के सामने घुटने टेकते नजर आए। किरोन पोलार्ड के अलावा को भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों का सामना नहीं कर सका।
भारत की तरफ से नवदीप सैनी ने 3 विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार ने 2 जबकि वाशिंघटन सुंदर, खलीली अहमद, क्रुणाल पांड्या व रविंद्र जडेजा को 1-1 विकेट मिला। विंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 96 रनों का लक्ष्य रखा था जिसे भारत ने 17.2 ओवर में ही हासिल कर लिया।
हालांकि इस मैच में भारत को जीत मिली लेकिन टीम को दूसरे टी20 में अपनी खामियों पर काम करने की दरकार होगी। विराट कोहली विश्व कप से ही लंबी पारी नहीं खेल पाए हैं और पंत का लगातार गलती करना जारी है। जबकि युवा मनीष पांडे भी कुछ खास नहीं दिखाई दिए हैं।