मेलबर्न। जिस तरह टीम इंडिया ने विश्वकप में अपने मैच जीते हैं उससे भारतीयों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं लेकिन अब उम्मीदों पर पानी फिर सकता है क्योंकि टीम इंडिया के स्टार गेंदबाज शमी चोटिल हो गये हैं। मीडिया में खबर आयी है कि शमी को चोट लग गई है इसलिए देर रात उनका एक्सरे कराया गया जिसके लिए उन्हें अस्पताल में दो घंटे तक रहना पड़ा।
एबीपी न्यूज के मुताबिक पर्थ के एक निजी अस्पताल में शमी को एक्सरे रूम में करीब दो घंटे तक रखा गया। मोहम्मद शमी के साथ इस मौके पर टीम इंडिया के आईसीसी के एक अधिकारी भी मौजूद थे। हालांकि अभी इसकी अधिकारिक पु्ष्टि नहीं हुई है लेकिन कहा जा रहा है कि शमी को नेट प्रेक्टिस सेशन के दौरान चोट लगी थी इसलिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
मालूम हो कि अपने दोनों मैचों में शमी ने शानदार गेंदबाजी की है। अगर वाकई में शमी की चोट गंभीर हुई और वो आगे के मैचों में नहीं खेलेंगे तो इसका खामियाजा टीम इंडिया को भुगतना पड़ सकता है। इससे पहले ईशांत शर्मा भी चोट की ही वजह से विश्वकप से बाहर हो गये हैं ऐसे में शमी का घायल होना धोनी और टीम की चिंता बढ़ा सकता है। गौरतलब है कि टीम इंडिया को अपना अगला मुकाबला यूएई के खिलाफ 28 फरवरी को पर्थ में खेलना है।