नयी दिल्ली। अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम में खेले गए बेहद ही रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के हाथों से जीत फिसलकर पंजाब के पास पहुंच गई। सुपर ओवर में हुए फैसले में पंजाब ने राजस्थान को 9 रनों से हरा दिया है।
सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने 15 रन बनाए। राजस्थान के पास जीत के लिए 16 रनों का लक्ष्य था, लेकिन रॉयल्स की ओर से बल्लेबाजी के लिए उतरे जेम्स फॉकनर और कप्तान शेन वाटसन मैदान जीत हासिल करने में नाकामियाब रहे।
पंजाब के मिशेल जानसन के सामने राजस्थान की टीम ने घुटने टेक दिए। जानसन की पहली ही गेंद पर शेन वाटसन बोल्ड हो गए। इसके बाद स्टीवन स्मिथ बल्लेबाजी करने आए और दूसरी गेंद पर चौका जड़ा तो उम्मीद जागी। अंपायर द्वारा नो बॉल करार दिए जाने के बाद राजस्थान को 4 गेंदों में 10 रन बनाने थे, लेकिन अगली गेंद पर स्टीवन स्मिथ रन आउट हो गए और पंजाब ने मुकाबला जीत लिया।
इससे पहले राजस्थान ने किंग्स इलेवन पंजाब के सामने जीत के लिए 192 रनों की चुनौती रखी थी। टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरे रॉयल्स को अजिंक्य रहाणे ने 74 रनों की शानदार पारी खेली तो कप्तान शेन वाटसन ने 45 के साथ शानदार शुरुआती दिलाई, लेकिन जीत हासिल करने में नाकामियाब रहे।