न्यूजीलैंड ने दिन-रात के इस मुकाबले में पांच रन के कुल योग पर जेसी राइडर (0) और मार्टिन गुपटिल (3) के विकेट गंवा दिए थे। खबर लिखे जाने तक मेहमान टीम ने पांच ओवर में दो विकेट के नुकसान पर सात रन बनाए थे। ब्रेंडन मैक्लम दो और रॉस टेलर दो रन बनाकर खेल रहे थे।
इससे पहले, टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने थिलन समरवीरा के शानदार शतक और एंजेलो मैथ्यूज के बेहतरीन अर्धशतक की बदौलत निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 216 रन बनाए।
समरवीरा ने 38 रन के कुल योग पर चार विकेट गंवाकर मुश्किलों से घिरी अपनी टीम की नैया पार लगाते हुए 124 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से 104 रनों की यादगार पारी खेली।
अपने करियर के पहले एकदिवसीय शतक के दौरान समरवीरा ने मैथ्यूज (51) के साथ छठे विकेट के लिए 127 रनों की बेशकीमती साझेदारी को अंजाम दिया। मैथ्यूज ने 60 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके लगाए।
इन दोनों के अलावा श्रीलंका का कोई और बल्लेबाज किवी गेंदबाजों की धारदार गेंदबाजी के आगे नहीं टिक सका। श्रीलंका ने मैथ्यूज और समरवीरा के अलावा सलामी बल्लेबाज तिलकत्ने दिलशान (4), सनत जयसूर्या (7), कप्तान कुमार संगकारा (18), माहेला जयवर्धने (0), थिलिना कैंडेंबी (15), के विकेट गंवाए।
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने वाले शेन बांड ने तीन विकेट झटके जबकि इयान बटलर के खाते में दो विकेट आए। डरेल टफी और डेनियल विटोरी को भी एक-एक सफलता मिली।
इस टूर्नामेंट की तीसरी टीम भारत है। भारतीय टीम को अपना पहला मैच 11 सितंबर को न्यूजीलैंड के साथ खेलना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।