IPL 10: गेल के T20 में 10 हजार रन पूरे, अब अगला कौन?
वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल ने मंगलवार को गुजरात के खिलाफ अपने टी 20 करियर के 10 हजार रन पूरे किए। गेल दुनिया के पहले बल्लेबाज हैं जिन्होंने ये कीर्तिमान रचा है। हालांकि गेल के अलावा भी कई ऐसे विस्फोटक बल्लेबाज हैं जो इस कारनामे को दोहरा सकते हैं। आइए टॉप से चलते हैं।

गेल का तूफान बरकरार
नंबर एक- क्रिस गेल का टी20 में नाम ही काफी है। गेल ने अब तक 290 टी-20 मैच खेले हैं और 149.51 के स्ट्राइक रेट और 40.62 की औसत से 10,074 रन बनाए हैं। सबसे खास बात ये है कि कई बैट्समैन टेस्ट और वनडे में इतने शतक नहीं लगा पाए हैं जितने गेल ने टी20 में लगाए हैं। गेल ने अब तक 18 शतक लगाए हैं।

कम नहीं हुआ मैक्कुलम का जादू
नंबर दो- ब्रैडन मैक्कुलम, गेल के बाद माना जा रहा है कि न्यू जीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रैंडन मैक्कुलम इस कारनामे को दोहरा सकते हैं। दरअसल मैक्कुलम ने 272 टी-20 मैचों में 7596 रन बनाए हैं। मैक्कुलम को ताबड़तोड़ बैटिंग के लिए जाना जाता है। मंगवार को मैक्कुलम ने आरसीबी के खिलाफ जिस तरह का खेल दिखाया उससे तो एक बार लगा कि मैच गुजरात के हाथों में है। हालांकि 72 बनाकर चहल ने उन्हें पवेलियन भेजा। मैक्कुलम के नाम 7 शतक भी शामिल हैं।

आग उगल रहा है वार्नर का बल्ला
नंबर तीन- डेविड वार्नर, ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाजों में शुमार सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान वार्नर 10 हजारी बनने की लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। वार्नर ने अभी तक 227 टी-20 मैचों में 7156 रन बनाए हैं। अपने अभी तक के टी20 करियर में वार्नर 5 शतक भी लगा चुके हैं।

पोलार्ड किसी से कम नहीं
नंबर चार- पोलार्ड- आईपील में मंबई की तरफ से खेल रहे वेस्टइंडीज प्लेयर किरॉन पोलार्ड भी 10 हजारी बनने के सबसे मजबूत दावेदारों में से एक हैं। गौरतलब है कि पोलार्ड ने अभी तक 363 टी 20 मैचों में 7087 रन बनाए हैं।

कोहली- अभी तो आगाज है
नंबर पांच- विराट कोहली, भारतीय टीम के कप्तान और आईपीएल 10 में आरसीबी के कप्तान कोहली 10 हजारी बनने की लिस्ट में किसी से पीछे नहीं हैं। कोहली ने अभी तक मात्र 212 टी 20 मैच खेले हैं। कोहली ने अपने टी 20 करियर में 41.40 की औसत और 132.91 के स्ट्राइक रेट से 6667 रन बनाए हैं। जिस फॉर्म में विराट कोहली हैं उससे लगता है कि वे जल्द ही इस रिकॉर्ड भी बराबरी कर लेंगे।

'रैना है न'
नंबर छः- रैना है न, रैना को छोटे फॉर्मट का बड़ा खिलाड़ी कहा जाता है। रैना ने अब तक 250 टी-20 मैचों में 6589 रन बनाए हैं। अपने टी 20 करियर में रैना ने 3 शतक भी लगाए हैं। हालांकि अब ये तो वक्त ही बताएगा कि कौन खिलाड़ी गेल के इस महान कीर्तिमान की बराबरी पहले कर पाता है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
