इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के तीसरे सीज़न के फ़ाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स को पहला झटका लगा है. सलामी बल्लेबाज़ मुरली विजय 26 रन बनाकर आउट हो गए हैं.
उनका विकेट दिलहारा फ़र्नांडो को मिला. फ़र्नांडो की गेंद पर सौरभ तिवारी ने मुरली विजय का कैच लपका. पहले विकेट के लिए मुरली विजय और मैथ्यू हेडन के बीच 44 रनों की साझेदारी हुई.
चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी है.
लेकिन मुंबई इंडियंस टीम के लिए बड़ी राहत की ख़बर है. कप्तान सचिन तेंदुलकर इस मैच में खेलेंगे. सेमी फ़ाइनल के दौरान सचिन तेंदुलकर की उंगली में चोट आ गई थी.
महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व वाली चेन्नई की टीम आईपीएल-1 में भी फ़ाइनल में पहुँची थी, लेकिन उस समय राजस्थान रॉयल्स के हाथों उसे हार का सामना करना पड़ा था.
दूसरी ओर सचिन तेंदुलकर के नेतृत्व वाली मुंबई इंडियंस की टीम पहली बार आईपीएल के फ़ाइनल में पहुँची है.
इस बार आईपीएल में मुंबई इंडियंस ने जहाँ शानदार प्रदर्शन किया है, वहीं चेन्नई का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है.
लेकिन आख़िरी कुछ मैचों में चेन्नई सुपर किंग्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फ़ाइनल में जगह बनाई है.
मुंबई के लिए एक और अच्छी ख़बर ये है कि धमाकेदार खिलाड़ी केरॉन पोलार्ड पूरी तरह फ़िट हैं.
मुंबई इंडियंस ने इस बार आईपीएल में ऑल-राउंड प्रदर्शन किया है. बल्ले से जहाँ सचिन तेंदुलकर, सौरभ तिवारी, अंबटी रायडू, जेपी ड्यूमिनी, शिखर धवन और पोलार्ड- सभी ने अच्छा योगदान किया है, तो गेंद से लसिथ मलिंगा, ज़हीर ख़ान और हरभजन सिंह ने भी कमाल दिखाया है.
लेकिन धीरे-धीरे ही सही फ़ॉर्म में आई चेन्नई सुपर किंग्स को आसानी से लेना बहुत बड़ी ग़लती साबित हो सकती है.
चेन्नई सुपर किंग्स में तुरुप का पत्ता हैं कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, जो सही मौक़े पर सही निर्णय करने के लिए मशहूर हैं. उनके नेतृत्व में कई बार चेन्नई ने हारती हुई बाज़ी जीती है.
दूसरी ओर टीम संतुलित है और कई खिलाड़ी ज़बरदस्त फ़ॉर्म में हैं. मुरली विजय, सुरेश रैना और बद्रीनाथ के अलावा कप्तान धोनी भी कई अच्छी पारियाँ खेल चुके हैं.
मैथ्यू हेडन का अभी तक कुछ ख़ास न करना टीम के लिए चिंता का विषय ज़रूर है, लेकिन कप्तान धोनी का भरोसा उनमें कम नहीं हुआ है.
दूसरी ओर गेंदबाज़ी में इस समय प्रतिद्वंद्वियों के लिए सबसे ख़तरनाक साबित हो रहे हैं डग बोलिंजर. बोलिंजर के अलावा मुरलीधरन, आर अश्विन, एल्बी मॉर्केल और शादाब जकाती भी कई मौक़े पर अपना दम दिखा चुके हैं.
तो तैयार हो जाइए एक ज़बरदस्त फ़ाइनल के लिए. भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी बात ये है कि दोनों टीमों के कप्तान भारतीय खिलाड़ी ही हैं.
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम
महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), मैथ्यू हेडन, मुरली विजय, सुरेश रैना, एल्बी मॉर्केल, एस बद्रीनाथ, एस अनिरुद्ध, आर अश्विन, शादाब जकाती, डग बोलिंजर और मुथैया मुरलीधरन
मुंबई इंडियंस
सचिन तेंदुलकर (कप्तान), शिखर धवन, सौरभ तिवारी, केरॉन पोलार्ड, अंबाटी रायडू, जेपी ड्यूमिनी, अभिषेक नायर, हरभजन सिंह, ज़हीर ख़ान, दिलहारा फ़र्नांडो और लसिथ मलिंगा.