सिडनी, 28 नवंबरः आस्ट्रेलिया अगले महीने से भारत के खिलाफ शुरू होने वाली क्रिकेट टेस्ट श्रृंखला में रफ्तार को अपना हथियार बनाएगा.
आस्ट्रेलिया चयन समिति के अध्यक्ष एंड्रयू हिल्डच ने कहा भारत के खिलाफ चार विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों को खेलाया जा सकता है. हालांकि उन्होंने कहा कि लेग स्पिनर स्टुअर्ट मैक्गिल की जगह ब्रैड हाग को जगह मिल सकती है. मैक्गिल घुटने की सर्जरी के कारण भारत के खिलाफ श्रृंखला से बाहर हो सकते हैं.
समाचार पत्र (द एज) ने हिल्डच के हवाले से बताया कि पहले टेस्ट के लिए टीम चयन से पूर्व हम स्पष्ट कर चुके हैं कि एक बेहतरीन और संतुलित टीम का चयन करेंगे जिसमें एक स्पिनर भी होगा, लेकिन स्थिति के अनुसार चार तेज गेंदबाजों को खेलाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि यह परिस्थिति और खेलने के स्थान पर निर्भर करेगा कि हमारी रणनीति क्या होगी.
अगर आस्ट्रेलिया चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरने के फैसला करता है तो भारत की मजबूत बैंटिग लाइनअप को ब्रेटली, शान टेट और मिशेल जानसन जैसे रफ्तार के सौदागरों से रूबरू होना पड़ेगा. टेट कोहनी की चोट के कारण इस वर्ष अप्रैल से ही क्रिकेट से दूर हैं.
उधर टेट ने भी भारत के खिलाफ अपनी रफ्तार को 150 किलोमीटर प्रतिघंटा करने की बात कही है. उन्होंने कहा कि चयनकर्ता चार गेंदबाजों को जगह दे सकते हैं और अगर मैं बेहतर प्रदर्शन करता हूं तो ये बात मेरे हक में जा सकती है.
हालांकि उन्होंने कहा कि बेन हिलफेनहास और एश्ले नोफिके भी चौथे गेंदबाज की होड़ में शामिल हैं. इसलिए मेरे लिए यह आसान नहीं होने जा रहा है, लेकिन अगर मैं वापसी करता हूं और पूरी रफ्तार के साथ गेंदबाजी करके विकेट भी लेता हूं तो कोई कारण नहीं मुझे फिर से खलने का मौका न मिले.