बेंगलूर, 13 दिसंबरः भारत-पाकिस्तान के बीच तीसरा टेस्ट मैच ड्रॉ होने के बावजूद भारत ने 27 साल बाद अपनी धरती पर पाकिस्तान से टेस्ट सिरीज़ 1-0 से जीत ली. अंतिम मैच में 239 और 91 रन की पारी के लिए 'मैन ऑफ द मैच' के अलावा श्रृंखला में शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी के लिए 'मैच ऑफ द सिरीज' का खिताब गांगुली को मिला.आख़िरी दिन जीत के लिए पाकिस्तान के सामने 374 रनों का लक्ष्य था. भारत ने 162 के स्कोर पर पाकिस्तान के सात विकेट चटकाए लिए थे. भारत को जीत के लिए केवल तीन विकेट की दरकार थी लेकिन इसके बाद खराब रोशनी ने मैच में ऐसी बाधा डाली कि मैच दोबारा शुरु ही नहीं हो सका और ड्रॉ घोषित कर दिया गया.
उत्साहित कुंबले ने आस्ट्रेलिया को चेताया
चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 27 साल बाद घरेलू सीरीज में मात देने से उत्साहित भारतीय कप्तान अनिल कुंबले ने कहा कि उनकी टीम के पास आस्ट्रेलिया की ताकतवर टीम को टक्कर देने लायक सभी जरूरी हथियार मौजूद हैं.
कुंबले ने यहां पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच के आखिरी दिन का खेल समाप्त होने के बाद कहा कि आस्ट्रेलिया के आगामी दौरे में भारत के पास बड़ा स्कोर खड़ा करने के लिए तगड़ी बल्लेबाजी पंक्ति होने के अलावा कंगारूओं को परेशान करने वाले गेंदबाज भी मौजूद हैं.
बतौर कप्तान अपनी पहली ही सीरीज में पाकिस्तान को 1-0 से हराने वाले कुंबले ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ बढ़िया प्रदर्शन की उम्मीद जतायी. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज जीतने से हमारी टीम का आस्ट्रेलिया दौरे के लिए मनोबल बढ़ेगा. भारत को अगले सप्ताह ही आस्ट्रेलिया रवाना होना है जहां पर वह चार टेस्ट मैच खेलेगा.
पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज की चर्चा करते हुये कुंबले ने कहा कि भारत ने एक टीम के तौर पर बहुत बढ़िया प्रदर्शन किया. हालांकि उन्होंने पाकिस्तान को कमजोर टीम मानने से इंकार करते हुये कहा कि पाकिस्तान की टीम के पास अच्छी बल्लेबाजी है और गेंदबाजी में भी उन्होंने बढ़िया प्रदर्शन किया. उनके खिलाफ सीरीज खेलने से हमें आस्ट्रेलिया दौरे की तैयारी का मौका भी मिला.