मुंबई इंडियंस के अनुभवी स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह आईपीएल में अब तक कोई खास कमाल तो नहीं दिखा पाए लेकिन गुरुवार को मुंबई और पंजाब के बीच हुए मुकाबले के बाद उन्होंने पिच क्यूरेटर पर जमकर गुस्सा निकाला है। गुरुवार को किंग्स इलेवन पंजाब और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए मुकाबले में पंजाब ने पहाड़ जैसा विशाल लक्ष्य खड़ा किया जिसे मुंबई हासिल नहीं कर सकी और उसे 7 रनों से हार का सामना करना पड़ा। मुंबई का कोई भी बॉलर पंजाब के बल्लेबाजों पर अंकुश नहीं लगा सका। यहां तक की टर्बोनेटर के नाम से मशहूर भज्जी के 3 ओवरों में पंजाब ने बिना कोई विकेट गंवाए 45 रन बनाए।
'रनों की बरसात के लिए क्यूरेटर जिम्मेदार'
कुल मिलाकर दोनों टीमों ने 40 ओवरों में 453 रन बनाए। दरअसल गेंदबाजों की धुनाई को लेकर भज्जी ने वानखेड़े स्टेडियम के पिच क्यूरेटर पर गुस्सा निकाला है। भज्जी का कहना है कि कल के मैच में हुई रनों की बरसात के लिए पिच क्यूरेटर जिम्मेदार हैं।
'बॉलिंग मशीन से होगी गेंदबाजी'
बल्लेबाजों के हाथों हुई गेंदबाजों की धुनाई को लेकर भज्जी ने कहा है कि- यदि इसी तरह की बल्लेबाजी पिच बनाई जाती रही तो गेंदबाजों को बॉलिग मशीन से रिप्लेस करना पड़ेगा। भज्जी ने ट्वीट कर कहा, "मैन ऑफ द मैच वानखेड़े के क्यूरेटर को जाना चाहिए, 40 ओवरों में करीब 460 रन बन गए। ये उसके करीब है जब किसी गेंदबाजी मशीन से रन बने, गेंदबाज की गेंद पर नहीं।" आपको बता दें कि हारने के बाद भी मुंबई इंडियंस को कोई फर्क नहीं पड़ा है क्योंकि वह पहले से ही प्वाइंट टेबल में शीर्ष पर है और प्ले-ऑफ में पहुंचने वाली इकलौती पहली टीम है।
Man of the match @ wankhede #curator almost 460 plus runs in 40 overs🤔🤔.Time is near when only bowling machines will b bowling not bowlers
— Harbhajan Turbanator (@harbhajan_singh) May 11, 2017