पाकिस्तान के क्रिकेटर शाहिद अफ़रीदी पर गेंद से छेड़छाड़ के आरोप में दो ट्वेन्टी-20 मैचों के लिए प्रतिबंध लगाया गया है.
पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ पाँचवें एक दिवसीय मैच के दौरान अफ़रीदी पर गेंद से छेड़छाड़ का आरोप लगा.
मैच के बाद अंपायर अशोक डी सिल्वा और पॉल रिफ़ेल ने मैच रेफ़री रंजन मदुगले से इस बारे में शिकायत की.
मैच रेफ़री रंजन मदुगले ने सुनवाई के बाद शाहिद अफ़रीदी पर दो ट्वेन्टी-20 मैचों के लिए पाबंदी लगा दी है.
कप्तानी
ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ पाकिस्तान को एक ट्वेन्टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलना है और शाहिद अफ़रीदी इस मैच में पाकिस्तान की कप्तानी करने वाले थे.
इस मैच में भी उन्होंने पाकिस्तान की कप्तानी की, क्योंकि मोहम्मद यूसुफ़ फ़िट नहीं थे. मैच के दौरान गेंद से छेड़छाड़ करते वे कैमरे में पकड़े गए.
वर्ष 2005 में फ़ैसलाबाद में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ टेस्ट मैच के दौरान अफ़रीदी ने अपने जूते से पिच को नुक़सान पहुँचाने की कोशिश की थी. उस समय भी उन पर प्रतिबंध लगाया गया था.
पर्थ एक दिवसीय मैच में पाकिस्तान ऑस्ट्रेलिया के हाथों दो विकेट से पराजित हो गया और इस तरह पाँच एक दिवसीय मैचों की सिरीज़ ऑस्ट्रेलिया ने 5-0 से जीत ली.