दूसरे दिन का खेल खत्म ऑस्ट्रेलिया पहली पारी 530, भारत 108/1
मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया के विशाल स्कोर के सामने भारत ने अच्छी शुरुआत की है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने एक विकेट खोकर 108 रन बना लिये हैं। वहीं मुरली विजय अर्धशतक बनाकर जबकि पुजारा 25 बनाकर नाबाद हैं।
इससे पहले भारत ने पहला विकेट शिखर धवन का खोया जो महज 28 रन बनाकर आउट हो गये। उधर ऑस्ट्रेलिया के कप्तान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को विशाल स्कोर तक तक पहुंचाने में मदद की।ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ ने अपने करियर का अब तक का सर्वोच्च व्यक्तिगत योग 192 बनाया। यह उनके करियर का सातवां और इस सीरीज का तीसरा शतक है।
ऑस्ट्रेलिया की शानदार बल्लेबाजी
आस्ट्रेलियाई पारी के दौरान तीन शतकीय साझेदारियां हुईं। इसके अलावा दो अर्धशतकीय साझेदारियां भी हुईं। मेजबान टीम ने 142.3 ओवरों का सामना किया। मेजबान टीम ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक पांच विकेट पर 259 रन बनाए थे। स्मिथ 72 और हेडिन 23 रनों पर नाबाद थे। पहले दिन भारतीय गेंदबाजों के कसे हुए प्रदर्शन के कारण मेजबान टीम 2.84 के औसत से ही रन बना सकी थी लेकिन दूसरे दिन के 52.3 ओवरों के दौरान आस्ट्रेलिया ने पांच से अधिक औसत से रन बटोरे।
पुछल्ले बल्लेबाजों को आउट करने में फिर फिसड्डी साबित हुए गेंदबाज
भारत की ओर से मोहम्मद समी ने चार विकेट लिए जबकि रविचंद्रन अश्विन तथा उमेश यादव को तीन-तीन सफलता मिली। भारत के चार गेंदबाजों ने 100 से अधिक रन खर्च किए। विकेट पाने वाले गेंदबाजों के अलावा इस सूची में इशांत शर्मा का भी नाम है। समी सबसे महंगे रहे जबकि अश्विन ने सबसे किफायती गेंदबाजी की।
दूसरे दिन के खेल की शुरूआत मेजबान टीम के लिए अच्छी रही। स्मिथ और हेडिन ने छठे विकेट के लिए 110 रनों की साझेदारी की। इसका लगभग आधा इन दोनों ने पहले दिन जोड़ा था। हेडिन 326 के कुल योग पर मोहम्मद समी की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए। हेडिन ने 84 गेंदों पर सात चौके और एक छक्का लगाया।
हेडिन का विकेट गिरने के बाद स्मिथ का साथ देने आए मिशेल जानसन (28) ने तेजी से रन बटोरे और कप्तान के साथ सातवें विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी निभाई। रविचंद्रन अश्विन की गेंद पर स्टम्प होने से पहले जानसन ने 37 गेंदों पर पांच चौके लगाए।
ऐसा लगा था कि अब भारतीय गेंदबाज मेजबान टीम को जल्द समेट देंगे लेकिन हैरिस ने कप्तान के साथ आठवें विकेट के लिए 106 रनों की साझदारी कर इस सम्भावना को खत्म कर दिया। हैरिस ने 88 गेंदों का सामना कर आठ चौके और एक छक्का लगाया।
हैरिस 482 के कुल योग पर अश्विन की गेंद पर पगबाधा आउट हुए। हैरिस ने अपना सर्वोच्च व्यक्तिगत योग हासिल किया। इसके बाद स्मिथ ने अपनी बल्लेबाजी को दूसरा ही रुख दे दिया। वह हर गेंद पर रन बटोरने के लिए उतावले नजर आ रहे थे।
स्मिथ का मकसद साफ था। वह अपने दोहरे शतक के साथ-साथ टीम को 500 से ऊपर ले जाना चाहते थे। इस मकसद में वह कामयाब भी हुए। उन्होंने नेथन लॉयन (11) के साथ नौवें विकेट के लिए 48 रनों की साझेदारी निभाई।
लॉयन (15 गेंद, 2 चौके) का विकेट 530 के कुल योग पर समी ने लिया और फिर इसी योग पर यादव ने स्मिथ को आउट करके आस्ट्रेलियाई पारी समेट दी। स्मिथ ने अपनी 305 गेंदों की पारी में 15 चौके और दो छक्के लगाए।
चार मैचों की सीरीज में भारत 0-2 से पीछे है। उसे एडिलेड और ब्रिस्बेन में हार मिली थी। मेलबर्न में भारत ने 1981 के बाद से कोई टेस्ट नहीं जीता है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
