For Quick Alerts
ALLOW NOTIFICATIONS  
For Daily Alerts
 

साल की शुरुआत शतक के साथ

By Staff

तेंदुलकर ने वर्ष के पहले ही टेस्ट में बेहतरीन शतक जड़ा है

गुज़रे साल में सात शतक लगाकर टेस्ट क्रिकेट में पचास शतकों का आँकड़ा छूने वाले सचिन तेंदुलकर ने नए साल का स्वागत एक और शतक के साथ किया है.

दक्षिण अफ़्रीका के विरुद्ध केपटाउन टेस्ट की पहली पारी में सचिन तेंदुलकर ने मॉर्ने मॉर्कल की गेंद पर थर्ड मैन के ऊपर से छक्का लगाकर ये शतक पूरा किया.

शृंखला के तीसरे टेस्ट में भारत दक्षिण अफ़्रीका की पहली पारी के 362 रनों का पीछा कर रहा है.

इस तरह टेस्ट और वनडे में मिलाकर सचिन के कुल 97 शतक हो गए हैं.

इस टेस्ट के दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक सचिन 49 रनों के साथ क्रीज़ पर थे और मंगलवार को डेल स्टेन की गेंद पर दो रन लेकर उन्होंने अर्द्धशतक पूरा किया.

उससे पहले ही डेल स्टेन की गेंद पर मार्क बाउचर ने कैच की ज़ोरदार अपील की थी क्योंकि ऐसा लगा जैसे गेंद सचिन के बल्ले को छूते हुए बाउचर के पास पहुँची. मगर अंपायर ने उसे आउट क़रार नहीं दिया था.

उन्होंने तीसरे विकेट के लिए गौतम गंभीर के साथ मिलकर बेहतरीन 176 रन जोड़े मगर तभी पॉल हैरिस की गेंद पर गौतम गंभीर 93 रनों के निजी स्कोर पर बाउचर के हाथों कैच हो गए.

गंभीर ने भी अच्छी पारी खेली मगर शतक से चूक गए

उसके बाद वीवीएस लक्ष्मण, चेतेश्वर पुजारा और महेंद्र सिंह धोनी के साथ सचिन की साझेदारी ज़्यादा लंबी नहीं चली.

सचिन जब 94 रनों के निजी स्कोर पर थे उस समय उन्होंने पॉल हैरिस की गेंद पर एक झन्नाटेदार शॉट लगाया.

हैरिस ने कैच पकड़ने की कोशिश की मगर गेंद उनके हाथों में नहीं आई और हाथों को छूते हुए विकेट पर जा लगी.

उस समय लक्ष्मण क्रीज़ के बाहर खड़े थे और इस तरह वह दुर्भाग्यपूर्ण तरीक़े से रन आउट हो गए.

यादगार केपटाउन

सचिन ने एक बार फिर धैर्य के साथ ये पारी खेली और इस दौरान न्यूलैंड्स के दर्शकों को कई ख़ूबसूरत शॉट देखने को मिले.

केपटाउन सचिन के पसंदीदा मैदानों में से एक रहा है जहाँ उन्होंने चार जनवरी 1997 को भी एक यादगार पारी खेली थी.

उस मैच में उन्होंने मोहम्मद अज़हरुद्दीन के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 222 रन जोड़े थे और वो पारी भी उस समय खेली थी जबकि भारत के पाँच विकेट सिर्फ़ 58 रनों पर गिर चुके थे.

सचिन ने वहाँ 169 रन बनाए थे जिसमें 26 चौके शामिल थे और उनके सामने एलन डोनल्ड से लेकर शॉन पोलक जैसे गेंदबाज़ थे.

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:19 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+