आईसीसी पर भड़के डालमिया
डालमिया आईसीसी से बहुत नाराज़ हैं
बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन के प्रमुख जगमोहन डालमिया ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) पर आरोप लगाया है कि कोलकाता के ईडन गार्डन्स में भारत-इंग्लैंड मैच न कराना एक साज़िश है.
आईसीसी ने समय पर निर्माण कार्य पूरा न होने के कारण भारत-इंग्लैंड मैच कोलकाता की जगह बंगलौर में कराने का फ़ैसला किया है. ये मैच 27 फरवरी को होना है.
लेकिन जगमोहन डालमिया को इस मामले में साज़िश नज़र आ रहा है. उनका कहना है कि अन्य स्टेडियमों में निर्माण कार्य के लिए समयसीमा बढ़ाई गई, लेकिन कोलकाता के ईडन गार्डन्स के साथ ऐसा नहीं किया गया.
कोलकाता में पत्रकारों से बातचीत में डालमिया ने कहा, "बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन के साथ बड़ा अन्याय हुआ है. अगर ये साज़िश नहीं है तो साज़िश क्या हो सकती है. ये क्रिकेट नहीं है."
डालमिया ने कहा कि जब 1999 में इंग्लैंड में विश्व कप हुआ तो वे आईसीसी के अध्यक्ष थे और जब 2003 का विश्व कप हुआ तो वे बीसीसीआई के प्रमुख थे.
उन्होंने कहा कि इस बार बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन के प्रमुख के रूप में उन्होंने भरोसा दिलाया था कि बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन आईसीसी की हरसंभव सहायता करेगा और अतिरिक्त ख़र्च की भरपाई भी करेगा.
डालमिया ने कहा, "इन सबसे बावजूद बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन के अनुरोध पर आईसीसी ने कोई ध्यान नहीं दिया. उस समय भारत-इंग्लैंड का मैच 20 दिन दूर था. दूसरी ओर उप महाद्वीप के अन्य स्टेडियमों को काम पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया."
उन्होंने कहा कि आईसीसी के अड़ियल रवैए के कारण बंगाल के क्रिकेट प्रेमी काफ़ी निराश हुए हैं. डालमिया ने कहा कि क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले ईडन गार्डन्स के साथ अन्याय हुआ है.
बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन के प्रमुख ने कहा कि वे ऐसी स्थितियों से निपटना जानते हैं और वे मुंबई वाला मैच मांग सकते थे, लेकिन वे ऐसा नहीं करेंगे.
उन्होंने इस पर भी सवाल उठाया कि श्रीलंका के प्रेमदासा स्टेडियम में कैसे मैच कराए जा रहे हैं.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
