इंदौर। आईपीएल 11 का 48वां मैच किंग्स इलेवन पंजाब और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच सोमवार को रात 8 बजे से पंजाब के होमग्राउंड इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा। 11 में से 6 मैच जीतकर पंजाब की टीम तीसरे स्थान पर है तो वहीं 11 में से 4 मैच जीतकर आरसीबी की टीम सातवें स्थान पर है।
हालांकि आरसीबी की नजरें किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 'करो या मरो' के मैच में जीत हासिल करके अगले दौर में पहुंचने होंगी। क्योंकि अभी तक केवल दिल्ली की आधिकारिक रूप से आईपीएल 11 की प्ले-ऑफ दौड़ से बाहर हुई है। ऐसे में अगर आरसीबी एक और मैच हार जाती है तो वह प्ले-ऑफ की दौड़ से बाहर हो जाएगी। हालांकि आरसीबी को दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ 5 विकेट की जीत से कुछ राहत मिली जबकि शुरुआती चरण में शानदार प्रदर्शन करने वाली किंग्स इलेवन पंजाब लगातार हार के बाद जूझती नजर आ रही है। वहीं राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइटराइडर्स से मिली हार के बावजूद किंग्स इलेवन पंजाब 12 अंक लेकर तीसरे स्थान पर है।
कोहली और एबी डिविलियर्स के शानदार अर्द्धशतकों से बेंगलुरु ने दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया था। वहीं पंजाब को उसके पिछले मैच में हार का सामना करना पड़ा था। केकेआर के सुनील नारायण और दिनेश कार्तिक ने पंजाब के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए 245 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। हालांकि इस दौरान पंजाब ने भी तूफानी अंदाज में बैटिंग की लेकिन उसका मध्यमक्रम लड़खड़ाता नजर आया।
दोनों टीमें अपनी बल्लेबाजी पर काफी निर्भर हैं जिसमें बेंगलुरु की जिम्मेदारी कोहली और डिविलियर्स के कंधों पर है, तो वहीं पंजाब की लोकेश राहुल (537 रन) और क्रिस गेल (332 रन) पर निर्भर है। कप्तान कोहली 11 मैचों में 466 रनों से टीम के शीर्ष स्कोरर हैं, तो वहीं डिविलियर्स उनसे 108 रन पीछे (358 रन) हैं, हालांकि उन्होंने 2 मैच कम खेले हैं। मंदीप सिंह (11 मैचों में 245 रन) सूची में तीसरे स्थान पर हैं।
वहीं दूसरी तरफ पंजाब के लिए केएल राहुल का प्रदर्शन शानदार रहा है जिन्होंने 162 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 5 अर्द्धशतक लगाए हैं और उनका औसत 60 के करीब है। राहुल उम्मीद करेंगे कि गेल दूसरे छोर पर उनका पूरा साथ निभाएं जिनका बल्ला शुरू में धमाल करने के बाद थोड़ा शांत है। पंजाब को गेल से पहले जैसा खेल दिखाने की उम्मीद होगी। गेंदबाजी की बात करें तो पंजाब के लिए सबसे बेहतरीन गेंदबाज एंड्रयू टाई रहे हैं जिन्होंने 20 विकेट (8 के इकॉनॉमी रेट से) झटके हैं।
इसके अलावा मुजीबुर रहमान ने 14 विकेट झटके हैं। उनका इकॉनॉमी रेट 6.99 प्रति ओवर रहा है। उनके लिए समस्या कप्तान आर. अश्विन का विकेट हासिल नहीं कर पाना है। कुल मिलाकर दोनों टीमों की समस्या उनकी मध्यमक्रम की बल्लेबाजी और डेथ ओवर्स में गेंदबाजी रही है। ऐसे में दोनों ही टीमें अपनी इस कमजोरी पर खूब ध्यान दे रही होंगी।