कोलकाता। आईपीएल 11 का 41वां मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच बुधवार को रात 8 बजे से कोलकाता के ईडन गार्डन में खेला जाएगा। कोलकाता की टीम जहां 10 में से 5 मैच जीतकर चौथे स्थान पर है तो वहीं मुंबई की टीम 10 में से 4 मैच जीतकर पांचवे स्थान पर है। मंबई के लिए अभी प्ले-ऑफ में पहुंचने के सारे रास्ते खुले हुए हैं और वो बुधवार को कोलकाता को हराकर अपनी राह आसान करने उतरेगी। इंडियन प्रीमियर लीग 2018 में प्ले-ऑफ से पहले केवल 15 मैच हैं। ऐसे में लगभग हर टीम प्ले-ऑफ में पहुंचने का दावा कर रही है लेकिन इसमें टेबल टॉपर सनराइजर्स हैदराबाद ऐसी टीम है जो इस दावे सो सच करती हई दिख रही है।
मुंबई में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मिली हार के बाद केकेआर को अब चार गेमों से कम से कम तीन में जीत की जरूरत है ताकि वे प्ले-ऑफ में आसानी से जगह बना सकें। वहीं दूसरी तरफ मुंबई ने भी किंग्स इलेवन पंजाब और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ दो लगातार जीत हासिल कर अपने आप को प्लेऑफ की दौड़ में बनाए रखा है। हालांकि मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा भले ही फ्लॉप चल रहे हों लेकिन उनको उम्मीद है कि उनकी टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का मिश्रण है जो उनकी टीम के लिए फायदेमंद है।
मुंबई के लिए पंजाब के खिलाफ खेले गए मैच में रोहित और क्रुणाल पांड्या ने अहम भूमिका निभाते हुए मुंबई को जीत दिलाई थी। कोलकाता के खिलाफ हार्दिक पांड्या ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में कमाल दिखाया था। इस मैच में सलामी बल्लेबाज के रूप में उतरे सूर्यकुमार यादव ने 59 रनों की अर्धशतकीय पारी खेल मुंबई को अच्छी शुरुआत दी थी। वह इस सीजन में मुंबई के सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 39.90 की औसत से 399 रन बनाए हैं। इन सबके अलावा मुंबई के लिए खुद कप्तान रोहित शर्मा की फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है। हालांकि गेंदबाजी में मुंबई ने रिकॉर्ड सुधार किया है। युवा स्पिनर मयंक मार्कंडे ने अपनी फिरकी से सभी को परेशान किया है। एक बार फिर से उन पर अपनी टीम को आसान सी जीत दिलाने का दारोमदार होगा।
अपने घर में मुंबई को हराने का इंतजार कर रही कोलकाता की टीम के युवा तेज गेंदबाज शिवम मावी चोटिल हैं। ऐसे में बुधवार के मैच में उनका मैदान पर उतरना स्पष्ट नहीं है। कुल मिलाकर पिछले मैच की तरह इस मैच में भी मावी की जगह प्रसिद्धि कृष्णा को मौका मिल सकता है। मुंबई के खिलाफ कोलकाता का रिकॉर्ड बाकी सारी टीमों में सबसे खराब है। आइपीएल के 11 सत्रों के 21 मैचों में मुंबई ने 17 तो कोलकाता ने सिर्फ चार मैच जीते हैं।
हालांकि केकेआर के लिए अच्छी खबर ये भी है कि उसके धाकड़ बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा फार्म में हैं। लेकिन विस्फोटक बल्लेबाज आंद्रे रसेल का पिछले कुछ मैचों में न चलना केकेआर के लिए जरूर चिंता में डाल रहा है। युवा बल्लेबाज शुभमन गिल से ईडन में एक और शानदार पारी की उम्मीद है। हालांकि केकेआर ने पिछले मैच में नरेन की जगह गिल से ओपनिंग कराके थोड़ा चौंकाने वाला निर्णय लिया था। केकेआर के लिए अच्छी खबर है मध्यक्रम में कप्तान दिनेश कार्तिक के बल्ले का चलना। केकेआर की स्पिन तिकड़ी, नरेन, चावला और कुलदीप अब तक शानदार गेंदबादी कर रहे है