
बेंगलुरू। आईपीएल 11 का आठवां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच चिन्नास्वामी स्टेडियम में शुक्रवार को रात 8 बजे से खला जाएगा। दोनों टीमें एक-एक मैच खेल चुकी हैं। जहां पंजाब ने अपने पहले मैच में दिल्ली डेयरडेविल्स को आसानी से हराया था तो वहीं आरसीबी को केकेआर के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा। पंजाब की टीम की कमान अश्विन के हाथों में है। अश्विन पहली बार कप्तानी कर रहे हैं लेकिन उन्होंने अपने पहले ही मैच में दिखा दिया कि वे टीम मैनेजमेंट के फैसले पर कितना खरा उतर सकते हैं। अश्विन की कप्तानी की पहले मैच में काफी तारीफ हुई।
वहीं कोहली की कप्तानी वाली आरसीबी एक बार फिर से केकेआर के पार्ट टाइम विस्फोटक बल्लेबाज सुनील नरायण के आगे नतमस्तक हो गई थी। नरायण ने 17 गेदों पर अर्धशतक बनाया था। इसके अलावा पार्ट टाइम गेंदबाज नीतीश राणा ने एक ही ओवर में विराट और एबी डिविलियर्स का विकेट निकाला था। जोकि काफी चौंकाने वाला साबित हुआ। हालांकि अब वे अपने घरेलू मैदान में पंजाब से भिड़ेंगे जिसका फायदा उन्हें जरूर मिल सकता है।
लेकिन आरसीबी की टीम को अगर मुकाबला जीतना है तो कोहली और डिविलियर्स को ताबड़तोड़ बल्लेबाजी तो करनी ही होगी, साथ ही गेंदबाजों को भी जिम्मेदारी समझनी होगी, और किफायती गेंदबाजी करनी होगी। हर बार रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरू की टीम में अगर सबसे ज्यादा कोई डिपार्टमेंट कमजोर नजर आता है तो वो है उसकी गेंदबाजी।
वहीं पंजाब के पास इस खेल के सबसे धांसू और अनुभवी खिलाड़ी हैं। कप्तान अश्विन, युवराज सिंह, डेविड मिलर, मार्कस स्टोइनिस और अक्षर पटेल सब मंझे हुए खिलाड़ी हैं। वहीं पंजाब की तरफ से पिछले मैच में 14 गेंदों में फिफ्टी लगाने वाले केएल राहुल पर एक बार फिर सभी की निगाहें होंगी। आपको बता दें कि पिछले सीजन में राहुल आरसीबी की तरफ से खेलते थे। इस हिसाब से वह आरसीबी टीम और मैदान दोनों के बारे में अच्छे से जानते हैं।
आरसीबी को पंजाब के खिलाफ ब्रेंडन मैकुलम एबी डिविलियर्स से विस्फोटक शुरुआत की उम्मीद होगी। मैकुलम ने अपने पिछले मैच में टी-20 में 9000 रन पूरे किए हैं इससे अगले मुकाबले के लिए उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा। बेंगलूर को इन दो बल्लेबाजों के अलावा क्विंटन डि कॉक, सरफराज खान और क्रिस वोक्स से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी जो कोलकाता के खिलाफ असफल रहे थे। वहीं पंजाब के लिए एक बार फिर से मुजीब जाद्रान ट्रंप कार्ड साबित हो सकते हैं जो अपना पहला आईपीएल खेल रहे हैं।
शुक्रवार, 13 अप्रैल
मैच 8: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू बनाम किंग्स इलेवन पंजाब
रात 8 बजे IST, एम चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरू
कहां देखें मैच- स्टार स्पोर्ट्स पर, ऑनलाइन के लिए हॉटस्टार पर देख सकते हैं।