नई दिल्ली। बॉल टेम्परिंग विवाद में फंसे ऑस्ट्रेलिया कप्तान स्टीव स्मिथ से आईपीएल टीम राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी भी छीनी जा चुकी है। अब राजस्थान की कमान अजिंक्य रहाणे को सौंपी गई है। स्मिथ के बाद अब डेविड वार्नर की कप्तानी पर तलवार लटकी हुई है। दरअसल वार्नर आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करते हैं। उनकी कप्तानी में हैदराबाद ने 2016 का खिताब भी जीता था। लेकिन अब वार्नर को कप्तान बनाए रखने को लेकर खुद टीम ने बड़ा बयान दिया है।
वार्नर के बारे में टीम के मेंटर और पूर्व दिग्गज भारतीय क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण ने पीटीआई से बात करते हुए कहा है कि लीग में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर के शामिल होने को लेकर फ्रेंचाइजी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के फैसले का इंतजार इंतजार करेगी। लक्ष्मण ने कहा- "केपटाउन टेस्ट में जो भी हुआ वह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। जहां तक सनराइजर्स का सवाल है, अभी इस बारे में टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी। क्योंकि यह ठीक परसों ही घटित हुआ है। हम क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के फैसले का इंतजार करेंगे।" लक्ष्मण ने आगे कहा- "मौके पर मौजूद सूचना बहुत सीमित है। इसलिए हम आगे की सूचना का इंतजार करेंगे। अगर जरूरत पड़ी तो हम उस बारे में चर्चा करेंगे। जहां तक वार्नर का सवाल है, वह सनराइजर्स समूह के लिए असाधारण नेता रहे हैं।"
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज के तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कैमरन बेनक्रॉफ्ट को बॉल टेम्परिंग करते रंगे हाथों पकड़ा गया। कैमरन बेनक्रॉफ्ट को गेंद के शेप को बिगाड़ने के लिए जेब से चिप जैसे ऑब्जेक्ट का इस्तेमाल करते देखा गया, जिसे उन्होंने बाद में अपनी ट्राउजर में छिपाने की कोशिश की। ये पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई है। हालांकि इस घटना को स्मिथ सहित खुद बेनक्रॉफ्ट ने स्वीकार लिया है और अब इस मामले में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया गहन जांच कर रही है।