नई दिल्ली। पिछला मुकाबला अंतिम गेंद पर बेहद दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से हारने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने वापस जीत की राह पकड़ ली है। चेन्नई के लिए शेन वॉटसन ने जबरदस्त योगदान दिया। अपने शतक से केवल 4 रनों से चूके वॉटसन ने 53 गेंदों पर 96 रनों की तूफानी पारी खेली। इसकी बदौलत सीएसके ने अपने घरेलू मैदान पर सनराइजर्स को 6 विकेट से पटखनी दे दी।
हैदराबाद की ओर से दिए गए 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई को पहला झटका फाफ डु प्लेसिस के रूप में तब लगा जब वह केवल 1 रन बनाकर आउट हो गए। लेकिन उसके बाद शेन वॉटसन की अगुवाई में सुपर किंग्स ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। इस मैच में धोनी एंड कंपनी के लिए अच्छी बात यह भी रही कि रैना एक बार फिर से लय पकड़ते हुए नजर आए। उन्होंने अपनी 38 रनों की पारी में 24 गेंदों का सामना किया।
शतक की ओर बढ़ रहे वाटसन को 96 रनों के स्कोर पर भुवनेश्वर ने आउट कर दिया। अंबाती रायडू ने 25 गेंदों पर 21 रनों की पारी खेली। जाधव ने नाबाद 11 रनों का योगदान दिया। हैदराबाद की ओर से भुवनेश्वर, खलील और शाकिब उल हसन ने किफायती गेंदबाजी की।
भुवी ने अपने कोटे से केवल 18 रन दिए और 1 विकेट भी निकाला। इसके अलावा राशिद खान को भी एक विकेट मिला लेकिन वे काफी महंगे साबित हुए। उन्होंने कोटे से कुल 44 रन खर्च किए। सबसे बुरी हालत संदीप शर्मा की रही, उन्होंने एक विकेट लिया और 54 रन खर्च किए।
इससे पहले हैदराबाद ने टॉस हारकर पहले बैटिंग की, लेकिन इस बार उसकी स्टार ओपनिंग जोड़ी के धुरंधर बल्लेबाज बेयरस्टो को हरभजन ने बिना खाता खोले ही आउट कर दिया। इसके बाद हालांकि वार्नर और मनीष पांडे का शो जारी रहा। वार्नर की पारी उनकी परंपरागत सैली से थोड़ी धीमी रही। उनको 57 रनों के निजी स्कोर पर भज्जी ने ही चलता किया। वार्नर ने इस पारी में 45 गेदों का सामना किया था।
हैदराबाद की पारी का आकर्षण रहे पांडे ने मैच वापसी का जश्न मनाते हुए 49 गेंदों पर नाबाद 83 रनों की पारी खेली। विजय शंकर ने 20 गेंदों पर 26 रन बनाए। जबकि युसूफ पठान 5 रन बनाकर नाबाद रहे। हरभजन ने टीम के घरेलू मैदान पर बढ़िया वापसी करते हुए 4 ओवर में 39 रन देकर 3 विकेट लिए। दीपक चाहर को भी एक विकेट मिला।