नई दिल्ली। किंग्स इलेवन के कप्तान रविचंद्रन अश्विन ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में जॉस बटलर को 'मांकड' आउट क्या किया, क्रिकेट हलकों में चर्चाओं और विवादों का एक नया चैप्टर भी खुल गया। आईपीएल के 12 साल के इतिहास में ऐसा पहला बार हुआ जब कोई बल्लेबाज MANKAD-ING के जरिए आउट किया गया।
बटलर तब नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़े थे और अश्विन ने गेंद फेंकने का एक्शन करते हुए गेंद नहीं डाली बल्कि इस दौरान क्रीज से बाहर आ गए बटलर के छोर की गिल्लियां बिखेर दी। यह भले ही क्रिकेट के नियमों के तहत हुआ हो लेकिन सच यह है अधिकांश क्रिकेट प्रेमियों और विशेषज्ञों का मानना है कि यह खेल भावना के विपरीत हुआ।
जब मैच के बाद अश्विन से इस बारे में बात की गई तो उन्होंने कहा, 'इस मामले पर कोई बहस नहीं होगी, यह बिल्कुल स्वभाविक था। मैंने गेंद छोड़ी भी नहीं थी कि वह (बटलर) अपनी क्रीज से बाहर आ चुके थे।' इसके साथ ही अश्विन ने कहा कि यह उनके हॉफ की क्रीज थी। ऐसी चीजें गेम चेंजर होती हैं और बल्लेबाज को इस बारे में ध्यान देना चाहिए।
अब कोलकाता की ट्रैफिक पुलिस ने इस वाकये का बहुत ही रचनात्मक तरीके से उपयोग किया है। कोलकाता पुलिस के लेटेस्ट कैंपेन में अश्विन के मांकड अंदाज में बटलर को आउट करने की फोटो के साथ ट्रैफिक की भी फोटो शेयर की है जिसमे एक कार ट्रैफिक लाइन से थोड़ा आगे जा रही है। इस फोटो में कैप्शन लिखा गया है- 'क्रीज हो या सड़क, आपको पछतावा होगा, अगर आपने लाइन क्रॉस की तो।'
— Kolkata Police (@KolkataPolice) March 26, 2019