IPL 2019: वार्नर-बेयरस्टो के बाद सनराइजर्स को मिला एक और तुरुप का इक्का
नई दिल्ली। हैदराबाद की टीम इस आईपीएल में बेहतरीन लग रही है। हर मैच के साथ निखरती जा रही इस टीम में बाकियों के मुकाबले सबसे कम कमियां कही जा सकती हैं। चाहे बात बैटिंग की हो या बॉलिंग की, हैदराबाद का सूरज हर क्षेत्र में उदय हो रहा है। 6 अप्रैल को हुए मैच में भी इस टीम में अपने घरेलू मैदान पर शानदार गेंदबाजी करते हुए मुंबई की टीम को 20 ओवर में केवल 136 रनों पर रोक दिया। मुंबई की पारी की हालत और खस्ता होती, अगर पोलॉर्ड का बल्ला अंतिम पलों में चौके-छक्कों की बरसात ना करता।
हैदराबाद की शुरुआती समस्या नियमित कप्तान केन विलियमसन की फिटनेस मानी जा रही थी। वे अब फिट होने की पूरी कगार पर पहुंच चुके हैं लेकिन उनकी जगह टीम में शामिल हुए अफगानी खिलाड़ी मोहम्मद नबी ने विलियमसन की कमी किसी भी तरह से खलने नहीं दी है। नबी जबकि एक गेंदबाज हैं लेकिन हैदराबाद की बैटिंग वार्नर-बेयरस्टो के चलते पहले ही मौज में है। नबी ने अपनी घूमती गेंदों से इस सीजन में बल्लेबाजों को खूब नचाया है।
उन्होंने आईपीएल 2019 में बैंगलोर के खिलाफ केवल 11 रन देकर 4 विकेट लिए थे। जबकि दिल्ली के खिलाफ वे 21 रन देकर दो विकेट ले चुके हैं। अब अपने ताजा मैच में भी नबी ने कमाल करके अपनी उपयोगिता हैदराबाद के लिए सिद्ध कर दी है। उन्होंने अपने तीसरे मैच में मुंबई की टीम के खिलाफ 4 ओवर में केवल 13 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया।
इस तरह नबी केवल 45 रन देकर अब तक 7 विकेट ले चुके हैं और बेहद किफायती भी रहे हैं। ऐसा लगता है राशिद खान के बाद हैदराबाद के हाथों एक और अफगानी हीरा लग गया है। नबी के लिए फिलहाल पूरा आईपीएल एक परीक्षा की घड़ी है। देखते हैं वे इस प्रदर्शन को पूरे सीजन तक जारी रख पाते हैं या नहीं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
