नई दिल्ली। 5 मई, आईपीएल 2019 के लीग मैचों के लिए अंतिम दिन है। इस दिन चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला किंग्स इलेवन पंजाब से मोहाली में है। धोनी की अगुवाई में यह टीम एक बार फिर आसानी ने इस सीजन के प्लेऑफ में पहुंच चुकी है। अब लड़ाई केवल टॉप के दो स्लॉट पर कब्जा जमाने की है क्योंकि लीग स्टेज की टॉप दो टीमों को प्लेऑफ स्टेज में हार के बाद भी दो मौके मिलते हैं जबकि नंबर तीन और चार की टीमें केवल एक हार के साथ ही प्रतियोगिता से बाहर हो जाती हैं।
धोनी ने लीग स्टेज में दो मैच नहीं खेले थे और दोनों में ही चेन्नई को हार का सामना करना पड़ा था। जबकि बाकी के 12 मैचों में धोनी के नाम 358 रन हैं जो कि इस सीजन में चेन्नई की ओर से किसी बल्लेाबाज के सबसे ज्यादा रन हैं। सुरेश रैना भी इस बात को कह चुके हैं कि जब धोनी नहीं होते हैं तो उनकी कप्तानी से ज्यादा उनकी बैटिंग का फर्क पड़ता है।
मजेदार बात यह रही कि धोनी अंतिम लीग मैच से पहले मैदान में उतरे और गेंदबाजी का अभ्यास करते हुए दिखाई दिए। खास बात यह थी वे गेंद को कलाईयों से घुमाने का प्रयास कर रहे थे। धोनी की ये लेग स्पिन सोशल मीडिया पर कई लोगों को बहुत प्रभावित कर रही है। आईपीएल ने अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल पर धोनी की लेग स्पिन गेंदबाजी का वीडियो भी पोस्ट किया है।
— IndianPremierLeague (@IPL) May 5, 2019
आपको बता दें कि इस मैच में पंजाब की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। फाफ डु प्लेसिस (96) और सुरेश रैना (53) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवरों में 170 रन बनाए। धोनी ने नाबाद 10 रन बनाए पर 12 गेंदे खेली।