नई दिल्ली। टीम इंडिया ने विश्व कप के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का जो चयन किया उसमें तीन मुख्य तेज गेंदबाजों को जगह दी है। इनमें मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह शामिल हैं। इसके अलावा टीम में कुछ नेट प्रैक्टिस के लिए भी गेंदबाज शामिल किए गए हैं। इन गेंदबाजों में कुछ ऐसे नाम हैं जो मौजूदा आईपीएल में अपनी जबरदस्त प्रतिभा का मुजायरा कर चुके हैं।
ऐसे ही एक गेंदबाज हैं नवदीप सैनी जो कोहली की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से खेलते हैं। सैनी ने 12वें सीजन में अपनी गति और उछाल से अब तक काफी प्रभावित किया है। यही वजह है कि उनको चार नेट गेंदबाजों में खलील अहमद, आवेश खान और दीपक चाहर के साथ शामिल किया गया है। खास बात ये है सैनी इन सबमें सबसे तेज गति से गेंद डालते हैं और कई बार उनकी गतियों ने 150 किमी. प्रति घंटा की सीमा को भी छूआ है।
सैनी ने विश्व कप में अपने खेलने की संभावना पर बात करते हुए कहा है- 'आईपीएल ने मुझे काफी आत्मविश्वास दिया है और मुझे उम्मीद है कि विश्व कप में मौका मिलने पर मैं अच्छा प्रदर्शन करूंगा।' इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनके पिता का उनके प्रदर्शन में बड़ा हाथ है। पिता ने हमेशा उनके खेल में अपना 110 प्रतिशत देने के लिए कहा है।
आपको बता दें सैनी ही भले ही सीजन के 8 मैचों में केवल 5 विकेट लिए हैं लेकिन उनकी रफ्तार से अभी तक सबको प्रभावित किया है। इस दौरान उनको विराट कोहली और डेल स्टेन जैसे बड़े दिग्गजों का मार्गदर्शन हासिल हुआ है। सैनी के अनुसार स्टेन ने उनको सलाह दी है कि कुछ भी अलग से करने का प्रयास ना करो। जैसी गेंदबाजी कर रहे हो, वैसी ही करते जाओ। आरसीबी के गेंदबाजी कोच नेहरा का मानना है कि इस गेंदबाजी की गति और बाउंस उनको बाकियों से अलग बनाता है।