नई दिल्ली। अभी तक अपने शुरुआती दोनों मैच जीतकर जीत का परचम लहराने वाली चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को रविवार में अपने घरेलू मैदान पर राजस्थान रॉयल्स की चुनौती का सामना करना है। एम चिंदबरम स्टेडियम में होने वाले इस मैच में राजस्थान की स्थिति चेन्नई के ठीक उलट है। इस टीम ने अपने अब तक के दोनों मुकाबले हारे हैं।
चेन्नई की पिच पर आईपीएल का उद्घाटन मुकाबला खेला गया जिसमे स्पिन की मददगार इस धीमी पिच पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की टीम केवल 70 रन पर ही सिमट गई थी। इस छोटे से लक्ष्य को चेन्नई की टीम ने आसानी से समय लेकर पार कर लिया था। हालांकि चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने स्वीकार किया था कि ये पिच प्रतियोगिता में आगे बेहतर होती जानी चाहिए।
ऐसे में ये देखने वाली बात होगी पिच रविवार को कैसा खेल दिखाती है। वहीं, रॉयल्स के सामने चेन्नई के डाई हार्ड फैंस के सामने पहली जीत हासिल करने की चुनौती होगी। चेन्नई के लिए पिछले मैच में शेन वॉटसन और सुरेश रैना ने विस्फोटक पारियां खेली थी। जबकि गेंदबाजी में ड्वेन ब्रावो काफी प्रभावित करने वाले गेंदबाज रहे हैं। राजस्थान की टीम को अभी भी बेन स्टोक्स से गेंदबाजी में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। वहीं अजिंक्य रहाणे और संजू सैमसन से एक बार फिर मजबूत प्लेटफार्म देने की दरकार होगी। मैच भारतीय समयानुसार 8 बजे शुरू होगा। दोनों टीमें इस प्रकार हैं-
चेन्नई- शेन वॉटसन, अंबाती रायडू, सुरेश रैना, केदार जाधव, एमएस धोनी (c & wk), रवींद्र जडेजा, ड्वेन ब्रावो, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, हरभजन सिंह, इमरान ताहिर।
राजस्थान- अजिंक्य रहाणे (c), जोस बटलर (wk), संजू सैमसन, स्टीवन स्मिथ, बेन स्टोक्स, राहुल त्रिपाठी, कृष्णप्पा गौतम, जोफ्रा आर्चर, जयदेव उनादकट, श्रेयस गोपाल, धवल कुलकर्णी