नई दिल्ली। रोहित शर्मा की अगुवाई में मुंबई इंडियंस की टीम एक बार फिर से आईपीएल के फाइनल में पहुंच गई है। अब जब आईपीएल का 2019 सीजन भी लगभग समाप्त हो गया तो रोहित शर्मा ने आने वाले विश्व कप को लेकर बात की है। वनडे क्रिकेट का विश्व कप 30 मई से इंग्लैंड में शुरू हो रहा है। यहां भारतीय टीम का पहला मुकाबला 5 जून से है जो कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ साउथहैंप्टन में होगा। रोहित ने आईपीएल के विश्व कप में प्रभाव को लेकर बयान दिया है।
रोहित को उम्मीद है आईपीएल और विश्व कप के बीच समय कम होना भारत के लिए फायदेमंद साबित होगा। रोहित ने कहा, '2013 में हम लोगों ने आईपीएल के बाद चैंपियंस ट्रॉफी में भाग लिया था जो हमारी टीम के लिए काफी फायदेमंद साबित हुआ था। मुझे लगता है जो खिलाड़ी आईपीएल के बाद किसी बड़े टूर्नामेंट में खेलने जाते हैं, वे क्रिकेट के काफी टच में रहते हैं।'
रोहित ने अपनी टीम के खिलाड़ी हार्दिक पांड्या का उदाहरण देते हुए कहा कि हार्दिक के लिए फॉर्म वापस हासिल करने में आईपीएल के इस सीजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अभी तक फॉर्म से जूझ रहे हार्दिक ने 2019 के सीजन में शानदार ऑलराउडिंग खेल दिखाया है और 193 के स्ट्राइक रेट से 386 रन बनाने के अलावा 14 विकेट भी हासिल किए हैं।
रोहित ने कहा, 'आईपीएल से पहले यदि कोई खिलाड़ी फॉर्म में नही था तो वे अब इस प्रतियोगिता के माध्यम से अपनी फॉर्म वापस पा सकते हैं। हार्दिक इसका एक अच्छा उदाहरण हैं। आईपीएल से पहले वह अच्छे समय से नहीं गुजरे, उनको चोट लगी, कुछ मैच भी मिस हुए। लेकिन अब वे मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए हमारे लिए शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।'