नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग का 13वां सीजन अब तक कई मायनों में खास रहा है। इस सीजन पहली बार ऐसा हुआ है कि लीग के आखिरी मैच तक प्लेऑफ की सभी टीमों का फाइनल हो पाना बाकी है, वहीं यूएई में आयोजित हुई इस लीग में अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों का जलवा भी देखने को मिला है। पंजाब की टीम में शामिल रवि बिश्नोई, सनराइजर्स हैदराबाद के लिये प्रियम गर्ग, सीएसके के लिये ऋतुराज गायकवाड़, राजस्थान रॉयल्स के लिये कार्तिक त्यागी, केकेआर के लिये वरुण चक्रवर्ती, दिल्ली कैपिटल्स के लिये तुषार देषपांडे और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिये देवदत्त पाड्डिकल वो खिलाड़ी बनें जिन्होंने आईपीएल 2020 में अपने खेल से फैन्स को दीवाना बनाया।
देवदत्त पाड्डिकल को आरसीबी की टीम ने इस साल अपने उपकप्तान पार्थिव पटेल की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किया और सभी की आशा पर खरा उतरते हुए इस खिलाड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिये। दिल्ली के खिलाफ अबुधाबी के मैदान पर खेले गये 55वें मैच में इस खिलाड़ी ने एक बार फिर अर्धशतक लगाकर अपनी टीम को मुश्किल से निकालने का काम किया।
और पढ़ें: IPL 2020: लगातार दूसरी बार प्लेऑफ में पहुंची दिल्ली, आरसीबी को 6 विकेट से हराया
लीग के पहले और आखिरी मैच में अर्धशतक जड़ने के साथ ही देवदत्त पाड्डिकल ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करते हुए इतिहास रच दिया। देवदत्त आईपीएल के इतिहास में एक सीजन के अंदर सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले अनकैप्ड इंडियन खिलाड़ी बन गये हैं।
उन्होंने इस मामले में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अय्यर और शिखर धवन को पीछे छोड़ने का काम किया है। शिखर धवन ने साल 2008 में दिल्ली डेयरडेविल्स की ओर से खेलते हुए 4 अर्धशतक लगाने का काम किया था और इस दौरान उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अपना डेब्यू भी नहीं किया था। वहीं देवदत्त पाड्डिकल ने इस सीजन अब तक 5 अर्धशतक लगा दिये हैं और चूंकि उनकी टीम प्लेऑफ के लिये क्वालिफाई कर गई है तो उनके पास इस संख्या को बढ़ाने का मौका भी है।
वहीं दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी अपने डेब्यू करने से पहले साल 2015 में दिल्ली की ओर से खेलते हुए 4 अर्धशतक लगाने का कारनामा किया था। दिल्ली के खिलाफ सोमवार को खेले गये मैच में पाड्डिकल ने 40 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर अय्यर और धवन के इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया लेकिन अपनी 41वीं गेंद पर वो बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में आउट हो गये।
और पढ़ें: IPL 2020: कपिल देव का खुलासा, बताया अब क्यों मुश्किल है धोनी की फॉर्म में वापसी
गौरतलब है कि देवदत्त पाड्डिकल ने पिछले कुछ समय में घरेलू स्तर पर क्रिकेट में काफी दमदार प्रदर्शन किया है जिसके चलते ही आरसीबी की टीम ने इस सीजन के लिये हुई नीलामी में इस खिलाड़ी को अपनी टीम के साथ जोड़ने का काम किया। वहीं पाड्डिकल ने भी अब तक खेले गये 14 मैचों में 472 रन बना कर अपनी काबिलियत को साबित कर दिया।
आपको बता दें कि पाड्डिकल ने इस दौरान 33 से ज्यादा के औसत से रन बनाने का काम किया है जिसमें उनकी स्ट्राइक रेट 126.54 का रही है। इसके साथ ही वह टूर्नामेंट में अब तक 51 चौके भी लगा चुके हैं।