नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन का दूसरा क्वालिफायर मैच आज अबुधाबी के मैदान पर खेला जा रहा है, जहां पर मुंबई इंडियंस के खिलाफ फाइनल मैच में खिताबी दावेदारी पेश करने के लिये दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम एक दूसरे का सामना करने उतर रही हैं। दिल्ली कैपिटल्स के लिये कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।
दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने आज के मैच में दो बदलाव किये हैं, पृथ्वी शॉ को बाहर करके उनकी जगह प्रवीण दुबे को मौका दिया गया है जबकि डेनियल सैम्स को बाहर करके उनकी जगह शिमरोन हेटमायर को शामिल किया है।
और पढ़ें: IPL 2020: प्लेऑफ से बाहर होने पर भावुक हुए डिविलियर्स, फैन्स के लिये लिखा इमोशनल मैसेज
इस बीच मैदान पर कप्तान श्रेयस अय्यर अपनी टीम में किये गये बदलाव के बारे में भूल गये थे लेकिन वहां पर डेविड वॉर्नर ने उन्हें याद दिलाया कि हेटमायर की वापसी हुई है। वहीं टॉस जीतने के बाद अय्यर ने कहा कि यह मैदान बल्लेबाजी के लिये अच्छी नजर आ रही है और हम आज के मैच में पहले एक अच्छा स्कोर खड़ा करके उसे बचा सके।
वहीं डेविड वॉर्नर ने कहा कि हम टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करना चाहते थे तो हम नतीजे से खुश हैं। सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने आज के मैच में कोई बदलाव नहीं किया है।
और पढ़ें: IPL 2020: पोलार्ड ने पांड्या ब्रदर्स पर दिया बड़ा बयान, बताया- कौन है ज्यादा समझदार
गौरतलब है कि सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने पिछले 5 मैचों में लगातार जीत हासिल की है तो वहीं दिल्ली कैपिटल्स की टीम को 6 में से 5 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। दिल्ली के पास पहली बार फाइनल में पहुंचने का मौका है जिसे वह पूरी तरह से निभाना चाहेगी।
दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग 11: शिखर धवन, अजिंक्य रहाणे, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, मार्कस स्टॉयनिस, शिमरोन हेटमायर, अक्षर पटेल, आर अश्विन, प्रवीण दुबे, कगिसो रबाडा, एनरिच नॉर्टजे।
सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग 11: डेविड वॉर्नर, श्रीवत्स गोस्वामी, मनीष पांडे, केन विलियमसन, प्रियम गर्ग, जेसन होल्डर, अब्दुल समद, राशिद खान, शाहबाज नदीम, संदीप शर्मा, टी नटराजन।