नई दिल्ली : कप्तान स्टीव स्मिथ और संजू सैमसन की शानदार बल्लेबाजी के दम पर राजस्थान राॅयल्स ने आईपीएल सीजन-13 के चाैथे मैच में चेन्नई सुपर किंग्स(सीएसके) के सामने 7 विकेट के नुकसान पर 217 रनों का लक्ष्य रखा था, जवाब में सीएसके 6 विकेट खोकर 200 रन बना सकी आैर राजस्थान ने 16 रन से मैच अपने नाम कर लिया।
सीएसके भले मैच हार गया लेकिन महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी पारी से सबका दिल जीत लिया। धोनी ने अंतिम ओवर में टाॅम कुरेन को लगातार 3 छक्के लगाए। उन्होंने 17 गेंदों में नाबाद 29 रन बनाए। वहीं फाफ डु प्लेसिस ने 1 चाैके व 7 छक्कों की मदद से 37 गेंदों में 72 रन बनाए, लेकिन उनकी ये पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। राजस्थान की ओर से राहुल तिवेतिया ने सर्वाधिक 3 विकेट चटके।
इससे पहले राजस्थान के लिए स्मिथ ने 47 गेंदों में 49 रनों की पारी खेली, जिसमें 4 चाैके व इतने ही छक्के रहे। वहीं संजू सैमसन ने 32 गेंदों में 74 रन जड़े जिसमें 1 चाैका व 9 छक्के शामिल रहे। पीयूष चावला ने 1 विकेट लेकर 55, जबकि रविंद्र जडेजा ने 40 रन लुटाए।
लुंगी नगिडी ने 4 ओवर में 1 विकेट लेकर 56 रन दिए। नगिडी ने अंतिम ओवर में 30 रन लुटाए। वहीं अंत में जोफ्रा आर्चर ने 8 गेंदों में नाबाद 27 रनों की पारी खेल टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाने में मदद की। आर्चर ने जोफ्रा को अंतिम ओवर में लगातार 4 छक्के जड़े। इससे पहले सीएसके ने टाॅस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया लेकिन यह गलत साबित कर दिया राजस्थान के बल्लेबाजों ने। हालांकि टीम को तीसरे ओवर में यशस्वी जायसवाल के रूप में जल्द विकेट मिली। जायसवाल 6 रन बनाकर आउट हुए। लेकिन स्मिथ-सैमसन ने दूसरे विकेट के लिए 121 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति दी।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन-
चेन्नई सुपर किंग्स (प्लेइंग इलेवन): मुरली विजय, शेन वॉटसन, फाफ डु प्लेसिस, रुतुराज गायकवाड़, एमएस धोनी (विकेटकीपर / कप्तान), केदार जाधव, रवींद्र जडेजा, सैम कुरेन, दीपक चाहर, पीयूष चावला, लुंगी नगिडी
राजस्थान रॉयल्स (प्लेइंग इलेवन): यशस्वी जायसवाल, रॉबिन उथप्पा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), स्टीवन स्मिथ (कप्तान), डेविड मिलर, रेयान पराग, श्रेयस गोपाल, टॉम कुरेन, राहुल तेवतिया, जोफ्रा आर्चर, जयदेव उनादकट