नई दिल्लीः आईपीएल सीजन-13 के 33वें मैच में राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने राजस्थान राॅयल्स को 7 विकेट से हरा दिया है। जीत के हीरो रहे एबी डिविलियर्स जिन्होंने 22 गेंदों में 6 छक्के व 1 चाैके की मदद से नाबाद 55 रन बनाए। राजस्थान से मिले 178 रनों का लक्ष्य आरसीबी ने शेष 2 गेंदे रहते हासिल कर लिया। यह आरसीबी की 9 मैचों में छठी जीत रही, जबकि राजस्थान को छठी हार का सामना करना पड़ा। राजस्थान अब अंक तालिका में 7वें स्थान पर है, जबकि आरसीबी तीसरे स्थान पर है।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरू के लिए ओपनर देवदत्त पाडिक्कल ने 37 गेंदों में 35 रन बनाए। आरोन फिंच 14 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान विराट कोहली ने 32 गेंदों में 43 रन बनाए, जबकि गुरकीरत सिंह मान 19 रन बनाकर नाबाद रहे। जयदेव उनादकट ने 4 ओवर में बिना विकेट लिए 46 रन लुटाए।
इससे पहले राजस्थान राॅयल्स ने कप्तान स्टीव स्मिथ की अर्धशतकीय पारी की मदद से बेंगलुरू के सामने 6 विकेट खोकर 177 रनों का लक्ष्य रखा है। स्मिथ ने 36 गेंदों में 57 रन बनाए, जिसमें 6 चाैके व 1 छक्का शामिल रहे। इनके अलावा ओपनिंग करने आए रोबिन उथप्पा व बेन स्टोक्स ने पहले विकेट के लिए 5.4 ओवर में 50 रनों की साझेदारी कर शानदार शुरूआत दिलाई।
उथप्पा ने 22 गेंदों में 41 रन बनाए। उन्होंने 7 चाैके व 1 चाैका लगाया, जबकि स्टोक्स ने 19 गेंदों में 15 रन बनाए। तीसरे नंबर पर आए संजू सैमसन ने 9, जबकि विकेटकीपर जोस बटलर ने 24 रन बनाए। बेंगलुरू के लिए गेंदबाजी में युजवेंद्र चहल ने 34 रन देकर 2 विकेट लिए। क्रिस मोरिस ने 4 विकेट झटके।
ऐसी है दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
राजस्थान : बेन स्टोक्स, जोस बटलर (विकेटकीपर), स्टीवन स्मिथ (कप्तान), संजू सैमसन, रॉबिन उथप्पा, रियान पराग, राहुल तेवतिया, जोफ्रा आर्चर, श्रेयस गोपाल, जयदेव उनादकट, कार्तिक त्यागी
आरसीबी- एरोन फिंच, देवदत्त पडिक्कल, विराट कोहली (कप्तान), एबी डिविलियर्स (विकेटकीपर), गुरकीरत सिंह मान, वाशिंगटन सुंदर, क्रिस मॉरिस, शाहबाज अहमद, इसुरु उदाना, नवदीप सैनी, युजवेंद्र चहल