नई दिल्ली। आईपीएल सीजन-13 के 15वें मैच में राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुरू(आरसीबी) ने राजस्थान राॅयल्स को 8 विकेट से हराकर आसान जीत दर्ज कर ली है। राजस्थान ने 6 विकेट खोकर 155 रनों का लक्ष्य रखा था जिसे आरसीबी ने 19.1 ओवर में हासिल कर लिया। यह आरसीबी की इस सीजन में 4 मैचों में तीसरी जीत है जबकि राजस्थान को दूसरी हार का सामना करना पड़ा है। कप्तान विराट कोहली भी फाॅर्म में लाैट आए हैं, जिन्होंने 53 गेंदों में नाबाद 72 रनों की पारी खेली। वहीं ओपनर देवदत्त पडिक्कल ने 45 गेंदों में 63 रन बनाए जिसमें 6 चाैके व 1 छक्का शामिल रहा।
इससे पहले राजस्थान के कप्तान स्टीव स्मिथ ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। राजस्थान के लिए एक बार फिर राहुल तेवतिया ने अच्छा प्रदर्शन दिखाया जिसकी बदाैलत टीम ने 155 रनों का लक्ष्य रखा। तेवतिया ने 11 गेंदों में नाबाद 23 रन बनाए जिसमें तीन छक्के शामिल रहे। युजवेंद्र चहल ने 24 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। इसुरु उड़ाना ने 2 जबकि नवदीप सैनी ने 1 विकेट लिया।
स्मिथ को तीसरे ओवर की चाैथी गेंद पर उड़ाना ने बोल्ड करते हुए आरसीबी को पहली सफलता दिला दी। स्मिथ 5 रन ही बना सके। तीसरे नंबर पर आए संजू सैमसन भी 4 रन बनाकर आउट हो गए जिन्हें चहल ने चलता किया। इसके बाद ओपनर जोस बटलर भी 12 गेंदों में 22 रन बनाकर नवदीप सैनी का शिकार बने।
महज 31 के स्कोर पर 3 विकेट गंवाने के बाद राॅबिन उथप्पा ने क्रीज पर पैर जमाए, लेकिन वह भी चहल की गेंद का शिकार बन 22 गेंदों में 17 रन बना सके। हालांकि पांचवें नंबर पर आए महिपाल लोमरोर ने संघर्ष करते हुए टीम का स्कोर आगे बढ़ाने का प्रयास किया। उन्होंने 39 गेंदों में 47 रन बनाए। इसके बाद रियान पराग भी 18 गेंदों में 16 रन बना सके। ये तो शुक्र था तेवतिया का जिन्होंने जोफ्रा आर्चर के साथ मिलकर टीम का स्कोर 150 के पार पहुंचाया। आर्चर ने 10 गेंदों में नाबाद 16 रन बनाए।
प्लेइंग इलेवन-
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (प्लेइंग इलेवन): देवदत्त पडिक्कल, आरोन फिंच, विराट कोहली (कप्तान), एबी डिविलियर्स (विकेटकीपर), शिवम दूबे, गुरकीरत सिंह मान, वाशिंगटन सुंदर, इसुरु उदाना, नवदीप सैनी, एडम जाम्पा, युजवेंद्र चहल
राजस्थान रॉयल्स (प्लेइंग इलेवन): जोस बटलर (विकेटकीपर), स्टीवन स्मिथ (कप्तान), संजू सैमसन, रॉबिन उथप्पा, रियान पराग, राहुल तेवतिया, टॉम कुरेन, श्रेयस गोपाल, जोफरा आर्चर, जयदेव उनादकट, महिपाल लोमरोर