नई दिल्लीः राजस्थान रॉयल्स की टीम जब चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पिछले मैच में उतरी तो उसके जेहन में जयदेव उनादकट का वो ओवर भी होगा जिसके चलते आरसीबी ने एक ही ओवर में 25 रन बटोरे थे और राजस्थान को मुकाबला गंवाना पड़ा था। जबकि मैच के अधिकतर हिस्सों में गुलाबी टीम का ही वर्चस्व था।
आखिरकार सीएसके के खिलाफ राजस्थान ने इस गेंदबाज से पीछा छुड़ाया और राजपूत को उसकी जगह पर एंट्री दी। हालांकि राजपूत को केवल एक ही ओवर चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलने को मिला क्योंकि तब आरआर के पास गेंदबाजी विभाग में 6 विकल्प मौजूद थे। वह मुकाबला राजस्थान जीत भी गया था इसलिए वह आज हैदराबाद के खिलाफ उसी प्लेइंग इलेवन के साथ उतरना चाहिए।
आज शाम दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स जब सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगा तब एक जीत के साथ खुद को प्लेऑफ की दौड़ में बनाए रखने की जुगत भी भिड़ाएगा। इस टीम के 10 मैचों में मात्र 4 जीत के साथ 8 ही अंक है जबकि हैदराबाद के 9 मैचों में 6 अंक हैं। कुल मिलाकर यह मुकाबला अंक तालिका पर नाटकीय बदलाव तो नहीं करने जा रहा पर हारने वाली टीम के लिए अब फिर से वापसी की छलांग मारना लगभग असंभव हो जाएगा।
हैदराबाद की बात करें तो इसके कूल मिजाज बल्लेबाज केन विलियमसन को केकेआर के खिलाफ हैम्स्ट्रिंग में हल्का खिंचाव फील हो रहा था और वे शायद इस मैच से भी बाहर ही रहें। दुबई में तेज गेंदबाजी की कुछ मदद मौजूद है तो जेसन होल्डर को मौका देने का सही वक्त आ गया है। इसके अलावा विजय शंकर को भी गेंदबाजी में थोड़ा और विश्वास दिलाने का समय आ चुका है। बासिल थंपी ने अपने मैच में रन दिए थे लेकिन हैदराबाद के लिए ये उनको बाहर रखने का बहाना नहीं होगा।
दोनों प्लेइंग इलेवन इस प्रकार हो सकती हैं-
राजस्थान रॉयल्स- रॉबिन उथप्पा, बेन स्टोक्स, संजू सैमसन (wk), स्टीवन स्मिथ (c), जोस बटलर, रियान पराग, राहुल तेवतिया, जोफ्रा आर्चर, श्रेयस गोपाल, अंकित राजपूत, कार्तिक त्यागी
सनराइजर्स हैदराबाद- डेविड वार्नर (c), जॉनी बेयरस्टो (wk), मनीष पांडे, केन विलियमसन / जेसन होल्डर, प्रियम गर्ग, विजय शंकर, अब्दुल समद, राशिद खान, संदीप शर्मा, टी नटराजन, बासिल थम्पी