नई दिल्ली। संजू सैमसन ने एक बार फिर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। सैमसन ने आईपीएल सीजन-13 के चाैथे मैच में चेन्नई सुपर किंग्स(सीएसके) के खिलाफ धमाकेदार अर्धशतक ठोका जिसकी बदाैलत टीम 216 रन बना सकी। सैमसन ने 32 गेंदों में 74 रन जड़े जिसमें 1 चौका जबकि 9 दनदनाते छक्के शामिल रहे, जिसकी तारीफ अब क्रिकेट जगत में खूब हो रही है। सचिन तेंदुलकर ने सैमसन के शाॅट की प्रशंसा की तो वहीं गाैतम गंभीर ने उन्हें भारत का सर्वश्रेष्ठ युवा बल्लेबाज करार दिया।
सचिन ने ट्वीट करते हुए लिखा, ''सैमसन ने अपनी बल्लेबाजी के दौरान जो भी शॉट मारे वो बिल्कुल साफ थे। सभी शॉट क्रिकेट के बेहतरीन शॉट थे।'' यही नहीं, सचिन ने लुंगी नगिडी की भी तारीफ की और लिखा, ''स्मार्ट गेंदबाजी कर उन्होंने सैमसन को आउट किया।'' वहीं गाैतम गंभीर ने कहा- संजू सैमसन भारत के सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर बल्लेबाज नहीं हैं, बल्कि भारत के सर्वश्रेष्ठ युवा बल्लेबाज हैं! बहस के लिए कोई भी? "
बता दें कि सैमसन का ये अर्धशतक सीजन-13 का सबसे तेज अर्धशतक रहा है। सैमसन से पहले मार्कस स्टोईनिस ने 20 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था। स्टोईनिस ने 20 सितंबर को हुए सीजन के दूसरे मैच में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ ये पारी खेली थी। यही नहीं, सैमसन ने अपनी पारी में स्पिनर रविंद्र जडेजा की भी जमकर धुनाई की है। उन्होंने जडेजा को बैक टू बैक छक्के भी जड़े। सातवें ओवर की दूसरी व तीसरी गेंद पर सैमसन ने जडेजा को लगातार 2 छक्के जड़े। यही नहीं, उन्होंने सैम कुरेन को भी पांचवें ओवर की चाैथी व पांचवीं गेंद पर लगातार 2 छक्के जड़े थे।