नई दिल्लीः अफगानिस्तान के क्रिकेटर राशिद खान ने अपने राष्ट्रीय टीम के साथी खिलाड़ी नजीब तारकई के मंगलवार 6 अक्टूबर को निधन के बाद दुख व्यक्त किया। नजीब जलालाबाद शहर में लगभग एक सप्ताह पहले एक कार दुर्घटना में बुरी तरह घायह गए थे, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ दिनों तक कोमा में रहने के बाद, 29 साल के खिलाड़ी ने मंगलवार सुबह 4:00 बजे अंतिम सांस ली।
राशिद वर्तमान में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) का हिस्सा हैं और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में हैं। गुरुवार 8 अक्टूबर को, SRH के खिलाड़ियों ने दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) के खिलाफ अपने मैच में काले रंग के आर्मबैंड पहने।
राशिद ने मैच के समापन के बाद कहा, "वह (नजीब) एक अच्छे दोस्त थे, इंसान थे और एक दुर्घटना में दो दिन पहले हमने उन्हें खो दिया। यह हैरान करने वाला है।"
नजीब ने बांग्लादेश में 2014 के टी 20 विश्व कप में अपनी शुरुआत की और 12 टी 20 आई और एक एकदिवसीय मैच खेले। उन्होंने आखिरी बार 2019 में बांग्लादेश में होने वाली त्रिकोणीय T20I सीरीज में भाग लिया था।
SRH के लिए चमके राशिद खान
केएल राहुल के KXIP के खिलाफ राशिद का शानदार दिन था। उनको प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड नहीं मिला, लेकिन उन्होंने अपने लेग ब्रेक से सभी को प्रभावित किया। चार ओवरों में उन्होंने केवल 12 रन दिए और निकोलस पूरन, मनदीप सिंह और मोहम्मद शमी के विकेट चटकाए। अपने स्पेल में, उन्होंने 13 डॉट बॉल भी गेंदबाजी की।
उनके शानदार स्पेल के दम पर सनराइजर्स ने 69 रन से मैच जीत लिया। आईपीएल 2020 में अब तक छह मैचों में, राशिद ने आठ विकेट लिए हैं और यकीनन SRH के लिए स्टैंडआउट गेंदबाज रहे हैं।