नई दिल्ली। कोरोना महामारी की दूसरी लहर के बीच आज से आईपीएल का 14वां सीजन शुरू हो रहा है। आईपीएल का पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस और आरसीबी के बीच खेला जाएगा। इस बीच बीसीसीआई ने इस बात को स्वीकार किया है कि कोरोना काल में यह मुश्किल चुनौती है और हम सच में प्रार्थना कर रहे हैं कि यह आयोजन सफलतापूर्व संपन्न हो जाए। बीसीसीआई के ट्रेजरार अरुन धूमल ने इंसाइड स्पोर्ट को दिए इंटरव्यू में कहा कि हमे अभी भी इस बात का भरोसा है कि आईपीएल 2021 क हम सफलतापूर्वक आयोजन कराएंगे।
अरुण धूमल ने कहा कि मैं उम्मीद कर रहा हूं कि सबकुछ ठीक हो, पूरी दुनिया हमे देख रही है। लोगों की रुचि के लिहाज से ओलंपिक, फीपा वर्ल्ड कप और आईसीसी वर्ल्ड कप के बाद आईपीएल सबसे बड़ा टूर्नामेंट है। आखिरकार वो दिन आ गया है, आईपीएल शुरू होगा, यह बीसीसीआई और भारत की ताकत को दिखाता है कि हम इस स्तर पर इतने बड़े टूर्नामेंट का आयोजन इतने आत्मविश्वास के साथ कर रहे हैं। पिछला आईपीएल सीजन काफी अच्छा रहा था, मैं उम्मीद कर रहा हूं कि और प्रार्थना कर रहा हूं कि पिछली बार की ही तरह सबकुछ ठीक हो।
आईपीएल में संभावित बाधाओं को लेकर धूमल ने कहा कि ये जीवन का हिस्सा है और हमे इसका सामना करना होता है। मैं ये नहीं कह सकता हूं कि किसी भी तरह की कोई बाधा नहीं आएगी, अभी भी इस तरह की दिक्कतें आ चुकी हैं जिनका हमने अच्छे से सामना किया है। कोविड के मामले हमारे नियंत्रण में नहीं हैं और ये लगातार बढ़ रहे हैं। हमारे नियंत्रण में हैं कि हम खिलाड़ियों, कोच और सपोर्ट स्टाफ के लिए बायो बबल बनाएं। ये बायो बबल हमार जिम्मेदारी है कि इसका उल्लंघन ना हो। हमने हर किसी को भरोसा दिया है कि आपकी पूरे सहयोग से हम सुनिश्चित करेंगे कि बबल पूरी तरह से आईपीएल सीजन के दौरान सुरक्षित रहे।