नई दिल्ली। दुनियाभर क्रिकेट बोर्ड की बात करें तो बीसीसीआई को सबसे ताकतवर बोर्ड के रूप में जाना जाता है। इसके ताजा उदाहरण की बात करें को दक्षिण अफ्रीका को अपने दो खिलाड़ियों को आगामी आईपीएल की वजह से नेशनल टीम से रिलीज करना पड़ा है। दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड ने अगल महीने होने वाले आईपीएल के लिए कैगिसो रबाडा और क्विंटन डी कॉक को नेशनल टीम से रिलीज कर दिया है। बता दें कि कैगिसो रबाडा दिल्ली कैपिटल्स की टीम से खेलते हैं जबकि डीकॉक मुंबई इंडियंस की टीम का हिस्सा हैं। आगामी पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज से पहले ये दोनों ही खिलाड़ी नेशनल टीम का हिस्सा होने वाले थे।
कॉन्ट्रैक्ट का दिया हवाला
क्रिकेट साउथ अफ्रीका की ओर से बयान जारी करके इस बात की जानकारी दी गई है। सीएसए की ओर से कहा गया है कि सीएसए और बीसीसीआई के बीच समझौते के अनुसार जिन खिलाड़ियों को आईपीएल का कॉन्ट्रैक्ट हासिल है, उन्हें उनकी फ्रेंचाइजी के साथ जुड़ने के लिए जल्दी रिलीज किया जाएगा। सीएसए के इस फैसले की दक्षिण अफ्रीका में क्रिकेट से जुड़े लोग आलोचना कर रहे हैं। जिस तरह से खिलाड़ी नेशनल टीम की बजाए आईपीएल को प्राथमिकता दे रहे हैं उसकी आलोचना हो रही है।
इन खिलाड़ियों को किया गया रिलीज
बता दें कि पाकिस्तान की टीम दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर जा रही है और 2 अप्रैल को अपना पहला मैच खेलेगी। पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका की टीमें 3 ओडीआई और 4 टी-20 मैच खेलेंगी। ऐसे में इस सीरीज से पहले जो भी खिलाड़ी आईपीएल का हिस्सा हैं उन्हें रिलीज कर दिया गया है। जिन खिलाड़ियों को रिलीज किया गया है उसमे कैगिसो रबाडा, क्विंटन डी कॉक, लुंगी एंगिडी, डेविड मिलर, एरिक नोर्किया शामिल हैं। इन सभी खिलाड़ियों को दक्षिण अफ्रीका की 16 सदस्यीय टीम में शामिल नहीं किया गया है।
फाफ डुप्लेसिस भी टीम से बाहर
इन खिलाड़ियों के अलावा सीएसए ने पूर्व कप्तान फाफ डूप्लेसिस को भी टीम में शामिल नहीं किया है। डूप्लेसिस इस साल आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा होंगे। उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में शामिल नहीं किया गया है। इससे पहले डूप्लेसिस को कॉन्ट्रैंक्टेड प्लेयर की लिस्ट से हटा दिया था। बता दें कि टेंबा बवूमा दक्षिण अफ्रीका की वनडे और टी-20 टीम की कमान संभालेंगे।