नई दिल्ली। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल सीजन-13 अच्छा नहीं गया था, लेकिन सीजन-14 में टीम जबरदस्त फाॅर्म में है। टीम प्लेऑफ में पहुंचने के लिए कुछ ही कदम दूर है क्योंकि टीम में सात मैचों में 5 जीत के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। हालांकि टीम की लय उस समय थम गई जब कोरोनावायरस के कारण सीजन को स्थगित करना पड़ा। फिर भी, आईपीएल 2021 19 सितंबर को फिर से शुरू होने के लिए तैयार है और सीएसके वहीं से आगे बढ़ना चाहेगा जहां से उन्होंने छोड़ा था। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने रविवार (25 जुलाई) को प्रतियोगिता के कार्यक्रम की घोषणा की और सीएसके के मैच कब-कहां होंगे, यह भी तय हो चुका है।
चेन्नई सुपर किंग्स की शुरूआत अच्छी नहीं रही थी क्योंकि दिल्ली कैपिटल्स ने पहले मैच में ही उन्हें 7 विकेट से हरा दिया था। इसके बाद सीएसके ने जोरदार वापसी की और लगातार पांच जीत दर्ज की। सीएसके को अपने शेष सात लीग-स्टेज खेलों में बिना किसी दवाब के प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए सिर्फ तीन जीत की जरूरत है।
सीएसके के पास इस सीजन को खास बनाने का पूरा माैका है क्योंकि उन्हें पिछले साल अंक तालिका में आखिरी पायदान पर रहना पड़ा था। एमएस धोनी की टीम आईपीएल इतिहास में पहली बार प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने में विफल रही। अपने 14 लीग-स्टेज मैचों में से आठ हार गए थे। इसके टीम संयोजन, रणनीति और दृष्टिकोण पर सवाल उठाए गए। यहां तक कि प्लेइंग इलेवन में धोनी की जगह भी सवालों के घेरे में आ गई।
हालांकि, सुपर किंग्स ने आईपीएल 2021 में वापसी की और दिखाया कि उन्होंने तीन बार खिताब क्यों जीता। फाफ डु प्लेसिस, रवींद्र जडेजा, मोइन अली और सैम कुरेन लय में थे। हालांकि एमएस धोनी वास्तव में बल्ले से अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर नहीं थे, लेकिन उन्होंने विकेटकीपिंग में सीएसके के शानदार प्रदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस बीच, चेन्नई की टीम 19 सितंबर को मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपना अभियान फिर से शुरू करेगी। आइए जानें कब-कितने बजे सीएसके के होंगे मैच-
19 सितंबर- शाम 7:30 बजे, दुबई में मुंबई के खिलाफ
24 सितंबर- शाम 7:30 बजे, शारजाह में आरसीबी के खिलाफ
26 सितंबर- दोपहर 3:30 बजे, अबू धावी में केकेआर के खिलाफ
30 सितंबर- शाम 7:30 बजे, शारजाह में हैदराबाद के खिलाफ
2 अक्तूबर- शाम 7:30 बजे, अबू धावी में राजस्थान के खिलाफ
4 अक्तूबर- शाम 7:30 बजे, दुबई में दिल्ली कैपिटल के खिलाफ
7 अक्तूबर- दोपहर 3:30 बजे, दुबई में पंजाब के खिलाफ