
मुझे पता था कि मेरा नंबर आएगा
रवि बिश्नोई ने मैच में दो बड़े खिलाड़ियों को आउट किया। उन्होंने ईशान किशन को 5 रन के स्कोर पर और सूर्यकुमार यादव को 33 रन के स्कोर पर चलता किया। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में रवि ने कहा कि कप्तान ने मुझसे कहा कि आप अपनी गेंदबाजी के साथ सतत रहिए। उन्होंने मेरा समर्थन किया और कहा कि अगर आप अपनी गेंदबाजी पर कड़ी मेहनत करते हैं तो आपके लिए बेहतर होगा। उन्होंने मुझसे कहा कि इंतजार करिए आपकी बारी आएगी और मेरा नंबर जरूर आएगा। लिहाजा मैं उसका इंतजार कर रहा था और आखिरकार आज मेरी बारी आई।

कप्तान और मैनेजमेंट ने भरोसा जताया
रवि ने इस बात को स्वीकार किया है कि कप्तान राहुल और पंजाब किंग्स टीम मैनेजमेंट ने उन्हें काफी आत्मविश्वास दिया। इस सीजन का पहला मैच खेल रहे रवि ने जबरदस्त गेंदबाजी की और कप्तान ने उन्हें 17वां ओवर कराने को बी दिया। रवि ने कहा कि अच्छा लगता है कि जब कप्तान और मैनेजमेंट आपका समर्थन करता है और आपको मुश्किल ओवर में गेंद थमाता है, ऐसे में जब आप उम्मीदों पर खरे उतरते हैं तो काफी अच्छा महसूस होता है। इससे कप्तान और मैनेजमेंट का भरोसा आपके भीतर अपने आप बढ़ने लगता है। मुझे जब भी गेंदबाजी का मौका मिलता है तो मैं बहुत अच्छा महसूस करता हूं। इससे फर्क नहीं पड़ता है कि मुझे मुश्किल समय में गेंदबाजी करने को मिली या आसान समय में।

कप्तान ने की तारीफ
रवि बिश्नोई की तारीफ करते हुए कप्तान केएल राहुल ने कहा कि हम धीरे-धीरे आगे बढ़ना चाहते हैं, हम बतौर टीम एकजुट होकर आगे बढ़ना चाहते हैं। मैंने पहले मैच के बाद भी यह कहा था कि हम युवा टीम हैं। हर साल हम नए खिलाड़ी जोड़ते हैं, हमे धैर्य रखने की जरूरत है। दीपक हुड्डा, शाहरुख खान और रवि बिश्नोई अच्छा खेल रहे हैं और हें जो अवसर मिल रहा है उसका लाभ उठा रहे हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि रवि बिश्नोई का आत्मविश्वास बढ़ेगा। शुरुआत के कुछ मैचों में उन्हें मौका नहीं मिला, वह अनिल भाई के साथ काफी मेहनत कर रहे थे, उन्हें कुछ चीजें ठीक करने की जरूरत थी, वह बहादुर खिलाड़ी हैं, यह देखकर अच्छा लगता है। वह खुद को संयमित रखते हैं और काफी अच्छी गेंदबाजी करते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
