For Quick Alerts
ALLOW NOTIFICATIONS  
For Daily Alerts
 

IPL 2021: रविंद्र जडेजा ने पलटी बाजी, KKR के खिलाफ छोटी पारी से दिलाई CSK को बड़ी जीत

नई दिल्लीः आईपीएल 2021 की दो इन-फॉर्म टीमों केकेआर और सीएसके बीच एक शानदार मुकाबला होने की उम्मीद थी और वैसा ही मैच देखने को मिला। सीजन के यूएई लेग में जबरदस्त तरीके से शुरुआती दो मैच जीतने वाली केकेआर की टीम अपने कप्तान इयोन मोर्गन की गलती के चलते मैच को गंवा बैठी। मोर्गन ने 19वां ओवर सुनील नरेन की जगह प्रसिद्ध कृष्णा को दे दिया जिसका फायदा रविंद्र जडेजा ने बखूबी उठाया और सीएसके ने दो विकेट से यह मैच जीत लिया।

सुनील नरेन ने 20वें ओवर में आते हुए मैच को फिर से रोमांचक मोड़ पर ला दिया और दो विकेट लेकर केकेआर की बांछे खिला दी लेकिन दीपक चाहर ने अंतिम गेंद पर कोई गलती नहीं की और एक रन लेकर सीएसके को अंक तालिका में फिर से टॉप पर पहुंचा दिया। इससे पहले जडेजा ने खूब चौके छक्के लगाते हुए तेजी से केकेआर के पक्ष में जाता मैच 19वें ओवर में चेन्नई सुपर किंग्स की मुठ्ठी में डाल दिया था। जडेजा ने 8 गेंदों पर 22 रनों की तूफानी पारी खेली।

इस मैच में वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन ने केकेआर की ओर से बेहतरीन बॉलिंग की लेकिन मार्गन सही से नरेन का उपयोग नहीं कर सके। चक्रवर्ती को 22 रन देकर 1 विकेट मिला। नरेन बहुत महंगे थे लेकिन चक्रवर्ती की लय इस कैरेबियाई बॉलर के पक्ष में जा सकती थी क्योंकि 19वें ओवर की परिस्थितियां अलग थी। नरेन ने 4 ओवर में 41 रन देकर 3 विकेट लिए।

केकेआर ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 171 रनों का बढ़िया स्कोर चेन्नई सुपर किग्स के सामने पेश किया जिसको सीएसके ने 20 ओवर में ही 8 विकेट खोकर हासिल किया।

इस बार केकेआर की टीम में वेंकटेश अय्यर पर फिर से निगाहें थे। इस युवा ने शुभमन गिल के जल्द आउट होने के बाद राहुल त्रिपाठी के साथ मिलकर टीम के 50 रन जोड़ दिया और लगने लगा कि पिछले मैच जैसी कहानी यहां भी दोहराई जा सकती है क्योंकि दोनों ही खिलाड़ी शानदार अर्धशतक लगाकर यहां लौटे थे। लेकिन तभी शार्दुल ठाकुर ने 18 रनों के निजी स्कोर पर अय्यर को आउट कर दिया। इससे पहले शुभमन गिल केवल 9 रन बनाकर रन आउट हुए थे।

यहां कप्तान इयोन मार्गन सस्ते में आउट हो गए लेकिन फिर नीतिश राणा ने एक पारी खेली और वे अंत तक नाबाद रहे। उन्होंने बहुत मारकाट नहीं मचाई लेकिन एक छोर थामा। त्रिपाठी के 45 रनों पर आउट होने के बाद राणा ने आंद्रे रसेल (20) और दिनेश कार्तिक के साथ तेज साझेदारियां की। कार्तिक बेहतरीन फिनिशिंग करते दिखे और उन्होंने केवल 11 गेंदों पर 26 रन बना दिए।

शार्दुल ठाकुर चेन्नई के बढ़िया बॉलर साबित हुए और उन्होंने 4 ओवर में 1 विकेट पर 20 रन दिए।

जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बहुत ठोस हुई थी और रितुराज गायकवाड़ ने फिर से जबरदस्त बैटिंग की। यह युवा बल्लेबाज फाफ डु प्लेसिस के साथ पहले विकेट के लिए 74 रन जोड़ गया। उन्होंने रसेल की गेंद पर आउट होने से पहले 28 गेंदों पर 40 रनों की पारी खेली। फाफ डु प्लेसिस ने 30 गेंदों पर 43 रन बनाकर अपनी टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचा दिया था। जब सीएसके तेजी से स्कोर की ओर बढ़ने लगी थी तब सुनील नरेन ने अंबातू रायुडू को 10 रन के स्कोर पर बोल्ड करके अपनी टीम को बेहद जरूरी ब्रेकथ्रू दिला गया।

इसके बाद सुरेश रैना की एंट्री हुई और सीएसके को अंतिम चार ओवरों में जीत के लिए 40 रनों की ही जरूरत थी। इस बार लॉकी फर्गुसन को 32 रनों पर खेल रहे मोइन अली का विकेट मिल गया जिन्होंने बॉल उड़ाने के फेर में बाउंड्री पर खड़े वेंकटेश अय्यर को विकेट दे दिया और यहां से मैच खुल गया। फिर तुरंत सुरेश रैना के रन आउट और धोनी के बोल्ड ने मुकाबला केकेआर के पाले में झुका दिया।

धोनी को एक बार फिर से वरुण चक्रवर्ती ने फंसाया। धोनी 1 रन बनाकर गुगली पर आउट हो गए। इसके बाद जडेजा ने कहानी पलट दी। हालांकि नरेन को अंतिम ओवर में दो विकेट मिले लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

Story first published: Sunday, September 26, 2021, 19:53 [IST]
Other articles published on Sep 26, 2021
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+