हार से निराश ऋषभ पंत ने बताया किस गलती की वजह से गंवाया मैच
अहमदाबाद। आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का सफर अभी तक काफी अच्छा रहा है। पहली बार ऋषभ पंत को टीम की कमान सौंपी गई है और उनकी अगुवाई में टीम लगातार बेहतर कर भी रही है। आरसीबी के खिलाफ मैच में भी दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन किया लेकिन अंत में उसे सिर्फ एक रन से मैच में हार का मुंह देखना पड़ा। आखिरी ओवर में जब मोहम्मद सिराज गेंदबाजी कर रहे थे तो ऋषभ पंत को आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर मैच को जिताना था लेकिन आखिरी गेंद पर सिर्फ चौका लगा और दिल्ली की टीम मैच को 1 रन से हार गई। मैच में हार के बाद कप्तान पंत ने निराशा जाहिर की है। हालांकि पंत ने मैच में अर्धशतकीय पारी खेली लेकिन उनकी यह पारी काफी धीमी थी। पंत ने 48 गेंदों पर 58 रन बनाए, जोकि उनके बैटिंग करने के अंदाज से बिल्कुल जुदा है।

हार से दुख तो होता है
पंत ने कहा कि निसंदेह जब आप हारते हैं तो आपको दूख होता है। आरसीबी की टीम को हमने इस विकेट पर 10-15 रन ज्यादा दिए। हेटमायर ने अच्छी पारी खेली, उनकी वजह से ही हम लक्ष्य के इतने करीब पहुंचे। आखिरी ओवर में हम सोच रहे थे कि जिसे भी मौका मिलेगा वो हिट करेगा और मैच में अपने काम को पूरा करेगा। हम दोनों ने यही योजना बनाई थी लेकिन अंत में हम एक रन से दूर रह गए।

आखिरी ओवर क्यों कराया स्टॉयनिस से
ऋषभ पंत से जब आखिरी ओवर के बारे में पूछा गया कि आखिर क्यों मार्कस स्टॉयनिस से आखिरी ओवर कराया गया तो इसपर पंत ने कहा कि हमने सभी ओवर की अच्छे से प्लानिंग की थी, अंत में स्पिन गेंदबाजों को कोई मदद नहीं मिल रही थी जोकि हमे लग रहा था कि मिलेगी। जिसकी वजह से अंत में मुझे गेंद स्टॉयनिस को देनी पड़ी। हार के बाद भी मैच में अच्छी बातों को हमे आगे लेकर जाना चाहिए। हमारी टीम युवा टीम है हम हर मैच में कुछ सीख रहे हैं और आने वाले हर दिन में अपने खेल को बेहतर करना चाहते हैं। बता दें कि मार्कस स्टॉयनिस के आखिरी ओवर में 23 रन आए। डिविलियर्स ने इस ओवर में 3 छक्के और दो डबल लिए जबकि एक रन वाइड से आया। स्टॉयनिस के इस ओवर के चलते आरसीबी का स्कोर 171 रन तक पहुंच गया जोकि बाद में दिल्ली की टीम को भारी पड़ा।

तीसरे पायदान पर दिल्ली कैपिटल्स
बता दें आरसीबी के 172 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम टीम का टॉप ऑर्डर कुछ खास नहीं कर सका। पृथ्वी शॉ सिर्फ 21 रन बना सके जबकि शिखर धवन 6 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए स्टीव स्मिथ भी एक चौका लगाकर पवेलियन लौट गए। लेकिन पंत ने 48 गेंदों पर 58 रनों की पारी खेली जबकि हेटमायर ने 25 गेंदों पर 53 रनों की तूफानी पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 4 छक्के और 2 चौके लगाए। लेकिन अंत में टीम 1 रन से हार गई। इस हार के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स की टीम अंक तालिका में तीसरे पायदान पर आ गई है। दिल्ली की टीम ने 6 मैचों में से 4 में जीत दर्ज की है। वहीं 6 मैच में से 5 मैच में जीत दर्ज करके 10 अंकों के साथ आरसीबी की टीम पहले पायदान पर है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
