नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज स्कॉट कगलेजिन को केन रिचर्ड्सन की जगह आरसीबी टीम में शामिल किया गया है। आईपीएल के बाकी के मैचों में रिचर्ड्सन की जगह स्कॉट आरसीबी टीम का हिस्सा रहेंगे। बता दें कि केन रिचर्ड्सन के अलावा एडम जैंपा भी कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच आईपीएल के बीच में ही टीम से अलग हो गए हैं। स्कॉट कगलेजिन मुंबई इंडियंस की टीम के रिजर्व प्लेयर थे और वह आईपीएल के बबल में थे, लेकिन अब उन्हें रिचर्डसन की जगह आरसीबी की टीम में शामिल कर लिया गया है। हालांकि एडम जैंपा की जगह टीम में किस खिलाड़ी को जगह मिलेगी इसपर अभी तक फैसला नहीं हो सका है।
स्कॉट कगलेजिन ने अभी 2 वनडे इंटरनेशनल मैच खेले हैं, 16 टी-20 मैच खेले हैं। जबकि आईपीएल में उन्होंने सिर्फ दो ही मैच खेले हैं। बता दें कि एडम जैंपा और केन रिचर्डसन अभी भी भारत में ही थे लेकिन मंगलवार की रात दोनों दोहा से ऑस्ट्रेलिया जाएंगे। बता दें कि कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच एक के बाद एक विदेशी खिलाड़ी बाहर जा रहे हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि आने वाले दिनों में और भी खिलाड़ी आईपीएल से बाहर हो सकते हैं। जिस तरह से कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं उसे देखते हुए बीसीसीआई ने बायो बबल को और भी सख्त कर दिया है। अब खिलाड़ी, अधिकारियों का हर दूसरे दिन कोरोना टेस्ट कराया जा रहा है।
जिस तरह से कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं उसके बाद आईपीएल और बीसीसीआई पर लगातार दबाव बढ़ रहा है। सवाल उठ ररहे हैं कि आखिर क्यों कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच भी आईपीएल का आयोजन कराया जा रहा है। लेकिन बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि आईपीएल पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार जारी रहेगा। साथ ही विदेशी खिलाड़ियों को आश्वस्त किया गया है कि जबतक उन्हें उनके घर सुरक्षित नहीं भेज दिया जाता है आईपीएल खत्म नहीं होगा।