
बदले रवैये ने बदली किस्मत
जीत के बाद चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने पहले मैच में मिली हार के बाद टीम की बदली किस्मत के पीछे के राज का खुलासा किया और बताया कि कैसे टीम सबसे खराब दौर से बाहर निकलने में कामयाब रही है। उल्लेखनीय है कि 6 महीने पहले यूएई में आयोजित किये गये आईपीएल 2020 में चेन्नई की टीम ने बेहद खराब प्रदर्शन किया था और पहली बार प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही थी जिसके बाद इस सीजन भी उसने हार के साथ ही आगाज किया था।
मैच के बाद आयोजित हुई वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्टीफन फ्लेमिंग ने मीडिया से बात करते हुए इसका श्रेय पूरी तरह से टीम के प्रमुख खिलाड़ियों को दिया जो कि पिछले सीजन के खराब प्रदर्शन को भूल कर नये एटिट्यूड के साथ उतरे हैं और रवैये में बदलाव ही टीम को इस बार जीत दिला रहा है।

हमें 5 मैचों में 3 जीत हासिल करने की थी उम्मीद
फ्लेमिंग ने सीएसके के पिछले सीजन को बुरा सपना बताते हुए टीम के इस सीजन के प्रदर्शन की तारीफ की और कहा कि हमें उम्मीद थी कि हम पहले 5 में से 3 मैचों में ही जीत हासिल कर सकेंगे।
उन्होंने कहा,'चार में से तीन मैचों में जीत दर्ज करना हमारी उम्मीद से ज्यादा था। जब हम सीजन में खेलने उतरे थे तो हमारा अंदाजा था कि हम 5 में से 3 मैचों में जीत हासिल कर लेंगे तो वह काफी होगा। हालांकि अब हम अगले 2 मैचों में भी जीत हासिल कर अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को और मजबूत करना चाहते हैं।'

बल्लेबाजी में अच्छा कर रहे हैं खिलाड़ी
गौरतलब है कि सीएसके की टीम ने इस सीजन लगातार अपनी गेंदबाजी और बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया है। टीम ने लगातार 2 मैचों में वानखेड़े के मैदान पर रनों का बचाव करने का काम किया है जबकि पहले बल्लेबाजी करते हुए भी टीम ने रनों का अंबार लगाया है। टीम ने एक मैच में रनों का पीछा करते हुए महज 15.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया, जो कि खिलाड़ियों की फॉर्म को दर्शाता है।
इस पर बात करते हुए फ्लेमिंग ने कहा,'हमें अपनी टीम के खिलाड़ियों पर गर्व है जो लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, खासतौर पर बल्लेबाजी में। सैम करन ने पिछले सीजन की फॉर्म को बरकरार रखा है, जबकि मोइन अली ने तीसरे नंबर पर अच्छी बल्लेबाजी की है और हम उन्हें जिस रोल में चाहते थे उसे पूरा कर रहे हैं। टीम में शामिल हुए कुछ नये खिलाड़ी और पुराने खिलाड़ियों की वापसी से बदलाव आया है और हमारी किस्मत इस सीजन बदल गई है।'


Click it and Unblock the Notifications