
भारत में नहीं बन सकता ऑलराउंडर खिलाड़ी
वीवीएस लक्ष्मण ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो जारी किया है जिसमें वह एक पुस्तक का इनॉग्रेशन करते नजर आ रहे हैं और इसी दौरान उन्होंने भारत में ऑलराउंडर न होने के पीछे का कारण बताया।
उन्होंने कहा, ' भारतीय क्रिकेट में एक ऑलराउंडर खिलाड़ी का होना काफी मुश्किल होता है। अगर इतिहास की बात करें तो कपिल पाजी इकलौते ऐसे खिलाड़ी रहे हैं जो रन बनाने के साथ-साथ विकेट लेना भी जानते थे। वह भारतीय क्रिकेट टीम के लिये असल में मैच विनर खिलाड़ी थे। हालांकि मौजूदा समय में भारतीय खिलाड़ियों का वर्कलोड देखते हुए उनके जैसा ऑलराउंडर तैयार करना काफी मुश्किल है।'

हार्दिक पांड्या को मैनेज करने के तरीके से नाखुश लक्ष्मण
इस दौरान वीवीएस लक्ष्मण ने हार्दिक पांड्या का नाम लिये बिना भारतीय टीम मैनेजमेंट की ओर से उन्हें मैनेज करने के तरीके पर सवाल उठाये और इसे टीम का दुर्भाग्य बताया।
उन्होंने कहा, 'टीम में कुछ-कुछ खिलाड़ियों ने अपने अंदर वो काबिलियत दिखाई और उम्मीद जगाई कि वो भारत के लिये कपिल पाजी जैसे ऑलराउंडर बन सकते हैं। वो अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों पर ध्यान देते हुए अच्छा प्रदर्शन करते हैं लेकिन अंत में बहुत ज्यादा वर्कलोड और भारतीय टीम के तीनों प्रारूपों में खेलने की व्यस्तता के चलते इस चीज को बनाये रखना काफी मुश्किल होता है। वो खिलाड़ी जिसके पास ऑलराउंडर बनने का टैलेंट है, वह दुर्भाग्य से चोटिल हो जाता है और जब वापसी करता है तो उसे सिर्फ एक ही स्किल पर काम करना होता है।'

कपिल देव से नहीं कर सकते किसी भी ऑलराउंडर की तुलना
गौरतलब है कि हार्दिक पांड्या साल 2019 के अंत में पीठ की सर्जरी से गुजरे थे जिसके बाद वो लंबे समय तक क्रिकेट से बाहर रहे थे, हालांकि उन्होंने आईपीएल 2020 में वापसी की लेकिन इस दौरान सिर्फ बल्लेबाजी करते नजर आये। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में भी हार्दिक ने सिर्फ 5 ओवर गेंदबाजी की तो वहीं पर इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज और आखिरी वनडे मैच में गेंदबाजी करने का काम किया। इसके अलावा आईपीएल 2021 में भी वो अभी तक गेंदबाजी करते हुए नजर नहीं आये हैं। हार्दिक की बात करते हुए लक्ष्मण ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की तुलना कपिल पाजी से नहीं की जा सकती। उनका मानना है कि भारतीय क्रिकेट में सिर्फ एक ही कपिल देव हो सकता है और किसी भी खिलाड़ी की दिग्गजों से तुलना उस पर दबाव बनाने का काम करती है।

टी20 विश्व कप में बताया कौन है विकेटकीपर की पहली पसंद
इस दौरान वीवीएस लक्ष्मण ने भारत में अक्टूबर-नवंबर के महीने में आयोजित होने वाली टी20 विश्व कप में विकेटकीपर बल्लेबाज के लिये ऋषभ पंत को अपना पसंदीदा खिलाड़ी बताया।
उन्होंने कहा, 'भारतीय टीम के पास फिलहाल कई विकल्प मौजूद हैं। संजू सैमसन, ईशान किशन और केएल राहुल, जिनके पास अच्छी बल्लेबाजी के अलावा विकेटकीपिंग का भी अनुभव मौजूद है। हालांकि मेरा मानना है कि जिस तरह से ऋषभ पंत ने पिछले कुछ समय में विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी में फॉर्म पकड़ी है, उसे देखते हुए पंत को ही मेरा समर्थन होगा।'


Click it and Unblock the Notifications
